फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेहत के लिए खतरनाक: छह महीने से सेलखड़ी मिले आटे की रोटियां खा रहा था आधा अलीगढ़, रिपोर्ट में आया यह

Fri, 23 Aug 2024 03:40 PM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

25 जुलाई को खाद्य सुरक्षा विभाग की मंडलीय टीम ने तालानगरी में बिना लाइसेंस संचालित केके इंडस्ट्रीज आटा फैक्टरी पर छापा मारा था। यहां पर पंचवटी गोल्ड ब्रांड के नाम से आटा तैयार किया जा रहा था, जिसमें आटे में सेलखड़ी मिलाई जा रही थी।
विज्ञापन
रोटियां - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ महानगर में लोगों की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ किया जा रहा था। अलीगढ़ के लोग जिस पंचवटी गोल्ड आटे की रोटियां पिछले छह महीने से खा रहे थे वह प्रयोगशाला से जारी रिपोर्ट के मुताबिक बेहद खतरनाक मिला है। इसमें सेलखड़ी पाउडर की मिलावट मिली है। सेलखड़ी पाउडर का प्रयोग आटे की मात्रा बढ़ाने के साथ साथ सफेदी लाने के लिए किया जा रहा था। प्रशासन की टीम ने 25 जुलाई को फैक्टरी पर छापा मारकर आटा जब्त किया था और सैंपल लेकर जांच को भेजे थे। जांच में यह आटा सेहत के लिए खतरनाक बताया गया है।

विज्ञापन


दरअसल 25 जुलाई को खाद्य सुरक्षा विभाग की मंडलीय टीम ने तालानगरी में बिना लाइसेंस संचालित केके इंडस्ट्रीज आटा फैक्टरी पर छापा मारा था। यहां पर पंचवटी गोल्ड ब्रांड के नाम से आटा तैयार किया जा रहा था, जिसमें आटे में सेलखड़ी मिलाई जा रही थी। डीएम विशाख जी. से इसकी शिकायत की गई थी। जिस पर डीएम ने तत्काल टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। टीम ने यहां से 13 कुंतल आटा व आठ कुंतल सेलखड़ी पाउडर जब्त किया था। फैक्टरी को सील कर दिया गया था। यहां से आटे और सेलखड़ी के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला को भेजे गए थे। अब प्रयोगशाला से जारी रिपोर्ट के मुताबिक आटे व सेलखड़ी के नमूने असुरक्षित मिले हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से फैक्टरी संचालक अरशद शाह को नोटिस जारी किया गया है और उसके खिलाफ एसीजेएम कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा।

फैक्टरी मालिक ने बताया था कि 6 माह से बना रहे आटा
25 जुलाई को जब खाद्य सुरक्षा विभाग की मंडलीय टीम ने छापा मारा था तब फैक्टरी मालिक अरशद ने पूछताछ में मंडलीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय जायसवाल को बताया था कि वह 6 माह से फैक्टरी चला रहा है। क्योंकि मौके पर 8 कुंतल सेलखड़ी पाउडर मिला था। अफसरों का भी मानना है कि छह माह से मिलावटी आटा शहर में बेचा जा रहा था।
विज्ञापन


शहर में यहां-यहां होती थी ऑटे की बिक्री
तालानगरी, हरदुआगंज, क्वार्सी, असदपुर क्यामपुर, एटा चुंगी रोड, नौरंगाबाद, स्वर्ण जयंती नगर, रामघाट रोड, दुबे का पड़ाव, महावीरगंज, बारादरी, भुजपुरा, सासनी गेट, जमालपुर, मेन रोड बाइपास, शाहजमाल ईदगाह, तालसपुर, देवसहनी, शुकरावली, दरियापुर, बरौठा, साधु आश्रम, बड़ा गांव, उखलाना, जवां और रामपुर। यह उन इलाकों के नाम हैं जो फैक्टरी से जब्त रजिस्टर में अंकित थे।

विज्ञापन

अलीगढ़ के नामी ब्रांड में से एक था पंचवटी गोल्ड

यहां आटे के कई लोकल ब्रांड हैं। जिनकी खपत शहर में बड़े ब्रांड से भी ज्यादा है। इनमें एक पंचवटी गोल्ड भी है। इसकी बिक्री इसलिए भी ज्यादा थी क्योंकि यह सस्ता भी पड़ता है। यह आटा 280 रुपये किलो का दस किलो मिल रहा था।

आटे को चमकदार बनाने के लिए मिला रहे थे पाउडर
सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त - दो डाॅ. डीएन यादव ने बताया कि जांच में सामने आया है कि फैक्टरी मालिक आटे में सफेदी लाने के लिए और चमकदार बनाने के लिए सेलखडी पाउडर का प्रयोग करता था। आटे में 10 से 15 प्रतिशत तक सेलखड़ी मिले होने की पुष्टि हुई है। जबकि सेलखड़ी में भी मिलावट मिली है। सेलखड़ी में भी 8.67 प्रतिशत मिलावट मिली है। उन्होंने बताया कि यह आटा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक था। लीवर, किडनी और आंतों को काफी नुकसान पहुंचा सकता है। फैक्टरी संचालक को नोटिस देकर इसकी जानकारी जुटाई जा रही है कि फैक्टरी में आटा कब से तैयार किया जा रहा था और इस आटे को कहां-कहां बेचा गया है। इस आटे को वापस मंगाने को भी कहा गया है, ताकि जनस्वास्थ्य को किसी तरह का नुकसान न पहुंचा सके।

मिलावटी आटे की ऐसे करें पहचान
- मिलावटी आटे की पहचान करने के लिए सबसे पहले पानी की मदद लें। इस उपाय को करने के लिए आपको सबसे पहले एक गिलास पानी में आधा चम्मच आटा डालकर देखना है कि वो पानी में तैर तो नहीं रहा। अगर आटा पानी में तैरता हुआ नजर आए तो समझ जाएं कि आटे में मिलावट की गई है।
- एक चम्मच आटा लेकर उसमें नींबू के रस की कुछ बूंदें निचोड़कर डालें। नींबू के रस की बूंदों से अगर आटे में बुलबुले बनने लगे तो समझ जाएं कि आटा मिलावटी है। याद रखें, आटे में यह बुलबुले तब बनते हैं जब आटे में सेलखड़ी मिलाई जाती है। दरअसल सेलखड़ी में कैल्शियम कार्बोनेट होता है, जिसकी वजह से वो नींबू के संपर्क में आते ही बुलबुले बनाने लगते हैं।
- एक टेस्ट ट्यूब लेकर उसमें थोड़ा सा आटा और हाइड्रोक्लोरिक एसिड डालें। अगर ट्यूब में कुछ छानने वाली चीज नजर आए तो समझ जाएं कि आटे में मिलावट है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें