संभल जिले के गुन्नौर क्षेत्र की एक युवती को लोधा थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक अपने साथ ले आया। युवती की लोकेशन लोधा क्षेत्र में मिलने पर बृहस्पतिवार को गुन्नौर पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर इलाके में तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम को खेरेश्वर चौराहा स्थित एक होटल में दोनों के होने की जानकारी मिली। पुलिस ने तत्काल होटल पर दबिश दी, लेकिन इससे पहले दोनों वहां से चले गए।
सूत्रों के मुताबिक युवती के परिजन सुबह से उसकी तलाश में पुलिस टीम के साथ थे। होटल के बाहर जब उन्हें पता चला कि दोनों कुछ देर पहले ही भागे हैं, तो परिजन भड़क गए और उन्होंने होटल के सामने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप था कि लोधा पुलिस द्वारा होटल संचालक को सूचना दी गई है। उनकी नाराजगी देख होटल के कर्मचारी भी मौके से भाग गए। हंगामे की सूचना मिलते ही लोधा थाना पुलिस व खेरेश्वर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को काबू में किया। इसके बाद गुन्नौर पुलिस युवती और युवक की तलाश के लिए लौट गई।