अलीगढ़। रोरावर थाना क्षेत्र के जलालपुर मोहल्ले में मंगलवार देर रात घर के बाहर खड़े हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर सत्येंद्र उर्फ शिवा पर फायरिंग कर दी। एक गोली सत्येंद्र की कमर में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज से नोएडा के अस्पताल में रेफर किया गया है। सत्येंद्र के बहनोई विशाल का ल्हौसरा पर पेट्रोल पंप है।
सतेंद्र उर्फ शिवा मंगलवार की रात को घर के बाहर कार की पर्किंग कर रहे थे। तभी घात लगाकर बैठे तीन हमलावरों ने उन पर सात राउंड फायरिंग कर दी। घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। सत्येंद्र के रिश्तेदार विशाल ने बताया कि सीसीटीवी में तीन लोग दिखाई दे रहे हैं। जिन्होंने हमला किया। घायल को तुरंत ही पहले रामघाट रोड के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां पर बताया गया कि डाक्टर रीढ़ की हड्डी के पास फंसी गोली को निकालने की जगह नहीं तलाश कर पा रहे हैं। इसके बाद घायल को नोएडा के अस्पताल रेफर किया गया है। धटना के बाद एसएसपी नीरज जादौन भी मौके पर पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि साढ़े तीन महीने पहले एक छेड़खानी का केस भी सत्येंद्र के खिलाफ दर्ज हु्आ था, जिसमें उन्हें जमानत करानी पड़ी थी।
सीओ संजीव कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच की जा रही है और हमलावरों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।