महानगर में बढ़ रही वाहन चोरी पर रोकथाम के लिए पुलिस के स्तर से एक बार फिर प्रयास शुरू किए गए हैं। पुलिस से सबसे पहले फोकस गेस्ट हाउसों पर बनाया है, जहां पार्किंग से अक्सर बाइकें चोरी होती हैं और अब शादी सीजन शुरू होने पर इन चोरियों की संख्या बढ़ेगी। इसे लेकर रविवार को सीओ ने क्वार्सी में क्षेत्र के गेस्ट हाउस संचालकों संग बैठक कर उन्हें नोटिस थमाए। साफ कहा कि वह सुरक्षा इंतजाम करें। वरना कार्रवाई होगी।
सीओ तृतीय राजीव सिंह व एएसपी अनूप सिंह ने बैठक में गेस्ट हाउस संचालकों को बताया कि वह अपनी पार्किंग में अंदर व बाहर सीसीटीवी लगवाएं। चौकीदार की व्यवस्था करें और चौकीदार का थाने से सत्यापन भी कराएं। हर्ष फायरिंग को लेकर बेहद सतर्कता बरतें। अगर कोई करता है तो उसकी सूचना थाने पर दें। अन्यथा की स्थिति में गेस्ट हाउस संचालक पर कार्रवाई होगी। इस मौके पर सभी को नोटिस दिए गए। इस मौके पर एसओ रविंद्र बहादुर आदि भी मौजूद रहे।
सपा लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष की बाइक चोरी
अलीगढ़। महानगर में बाइक चोरी के क्रम में रविवार दुपहर सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष आशीष मोहन यादव एडवोकेट की पल्सर बाइक बन्नादेवी के जवाहर नगर इलाके से चोरी हो गई। बताया गया है कि आशीष की पल्सर बाइक लेकर उनका छोटा भाई किसी काम से दुपहर करीब तीन बजे जवाहर नगर गया था। इसी बीच बाइक चोरी हो गई। लोगों ने चोर को बाइक ले जाते समय शोर मचाते हुए पीछा भी किया। मगर सफलता नहीं मिली। बाद में थाने में सूचना दे दी गई। मगर पुलिस का एक ही जवाब है कि अननिगत बाइकें चोरी हो रही हैं, क्या करें।