शादी समारोह में बरातियों से हुए विवाद का विरोध करना लड़की पक्ष को भारी पड़ गया। आरोप है कि दुल्हन की विदाई के अगले ही दिन दुल्हन के भाई और उसके रिश्तेदार पर घात लगाकर जानलेवा हमला किया गया। मामले में चार नामजद पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नगला खुमी निवासी नरसिंह पाल सिंह ने बताया है कि 20 जून को उनकी बेटी की शादी थी। बरात के दौरान गांव के ही एक पक्ष ने हुड़दंग किया, जिस पर पुलिस को बुलाकर मामला शांत कराया गया। अगले दिन बेटी की विदाई हो गई। आरोप है कि 21 जून की शाम उनका बेटा सत्यप्रकाश उर्फ जयप्रकाश अपने साले विजय के साथ बाइक से जलाली बाजार जा रहा था। रास्ते में सुमेरा रजबहा पुल के पास पहले से घात लगाए बैठे विद्याराम, प्रमोद, जीतू और धर्मवीर निवासी नगला वासित अली ने दोनों को रोक लिया।
आरोपियों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और तमंचे के बल पर हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हमलावर दोनों को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर घायलों को उपचार दिलाया गया। थाना प्रभारी हरिभान सिंह ने बताया है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।