टप्पल ब्लॉक के गांव बिचपुरी और कमालपुर के बीच आवागमन की समस्या जल्द दूर होगी। बिचपुरी गांव में नाले के ऊपर पुल निर्माण के लिए शुक्रवार को भूमि पूजन और शिलान्यास हो गया है। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से इस पुल के बनने से गांव बिचपुरी, कमालपुर, लंगोटगढ़ी, खेड़िया बुजुर्ग और रंजीतगढ़ी के निवासियों की दिक्कत दूर हाेगी।
इन गांवों के निवासियों को खेतों पर आने-जाने और खेतों से अनाज ढोने के लिए पांच-छह किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ रहा था। सिंचाई विभाग इस पुल का निर्माण कराएगा। जल्द ही इसके बनने की बात कही जा रही है।
करीब एक किलोमीटर का यह रास्ता गांव बिचपुरी व गांव कमालपुर को आपस में जोड़ता है। रास्ते के बीच में नाला है। नाले की वजह से ग्रामीणों को दूसरे रास्ते से होकर निकलना पड़ रहा है। इसके लिए वाहन सवार लोगों को करीब पांच-छह किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग पर इस पुलिया निर्माण की स्वीकृति के साथ धनराशि आवंटित हो गई।
शुक्रवार को सांसद सतीश गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह उर्फ लाला, ब्लॉक प्रमुख के पति ऋषिपाल सिंह, सत्या सिंह, जिला मंत्री विनय कुमार अत्री, चिंटू चौधरी, प्रधान यादवेंद्र सिंह, जट्टारी मंडल अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, टप्पल मंडल अध्यक्ष मनवीर सिंह, ओमप्रकाश सिंह उर्फ लाला की मौजूदगी में पुलिया के लिए भूमि पूजन हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि इस पुलिया के बनने से लंबा चक्कर काटने से राहत मिलेगी।