कासगंज निवासी साढ़ू-साली संग नेपाल के काठमांडू में पशुपतिनाथ के दर्शन करने गए जयगंज के किराना कारोबारी की कार रविवार दोपहर वहां दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कारोबारी की पत्नी व साली की मौत हो गई है, जबकि खुद कारोबारी व साढ़ू की हालत नाजुक बताई गई है। नेपाल दूतावास के जरिये यह जानकारी शाम को जिला प्रशासन तक पहुंची और खबर पर यहां से परिवार नेपाल के लिए रवाना हो गया है। हालांकि, देर शाम दुर्घटना में दो और पुरुषों की मौत होने की चर्चा उठी थी, मगर इसकी आधिकारिक पुष्टि परिवार या प्रशासन की ओर से नहीं हो सकी थी।
सासनी गेट के जयगंज गणेश कूचा के रहने वाले राकेश अग्रवाल (55) का जयगंज में ही किराने का कारोबार है। परिवार के अनुसार, पांच दिन पहले वे अपनी पत्नी साधना अग्रवाल व कासगंज के अमापुर निवासी साढ़ू विमल अग्रवाल, उनकी पत्नी संध्या अग्रवाल संग काठमांडू में पशुपतिनाथ के दर्शन करने गए थे। रविवार शाम जिलाधिकारी व एसएसपी को काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास से ई-मेल के जरिये सूचना मिली कि काठमांडू के पास उनकी टैक्सी एक बस से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है, जिसमें साधना व संध्या की मौत हो गई है, जबकि राकेश व विमल की हालत बेहद नाजुक है, उन्हें वहां आईसीयू में भरती कराया गया है। कार को नेपाली चालक चला रहा था।
यह सूचना लेकर डीएम के निर्देश पर तहसीलदार कोल राकेश अग्रवाल के घर पहुंचे। तत्काल परिवार के सदस्य यहां से दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली से वे हवाई मार्ग से नेपाल पहुंचेंगे। इसके बाद आगे की जानकारी मिल सकेगी। बताया गया है कि राकेश अग्रवाल के दो बेटों में बड़ा रिषभ विवाहित है और पिता के कारोबार में हाथ बंटाता है, जबकि छोटा अक्षय अभी सीए के अधीन कार्यरत है। इधर, इस खबर पर मोहल्ले के तमाम लोग व परिवार की महिलाएं घर पहुंच गए थे। तहसीलदार कोल गजेंद्र सिंह के अनुसार, नेपाल स्थित भारतीय दूतावास से शाम को सूचना मिली थी। इस सूचना में दोनों महिलाओं की मौत व दोनों पुरुषों की हालत नाजुक होना बताया गया है। परिवार को सूचित किया गया है। परिजन रवाना हो गए हैं।
साधना अग्रवाल का फाइल फोटो।- फोटो : CITY OFFICE