तहसील के लेखपाल प्रदीप गुप्ता (46) की शनिवार सुबह-सुबह हाईवे पर भरतरी के पास कार की चपेट में आकर मौत हो गई। इस खबर पर इलाका पुलिस के साथ-साथ एसडीएम सहित तहसील का पूरा अमला पहुंच गया। साथ ही तहसील में शोकावकाश घोषित कर दिया गया।
मूलत: सुरेंद्र नगर निवासी प्रदीप पुत्र चंद्रभान गुप्ता तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात थे। शनिवार को वह बाइक से अपने घर से ड्यूटी आ रहे थे। नौ बजे करीब हाईवे स्थित गांव भरतरी के पास पीछे से जाती तेज रफ्तार कार टक्कर मारती हुई तेजी से भाग गई। मौके पर ही प्रदीप की मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस के अलावा एसडीएम डॉ. सीएल सोनकर सहित तमाम स्टाफ, अधिवक्ता, साथी लेखपाल और परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इधर, इस दुर्घटना के बाद तहसील कार्यालयों में व अधिवक्ताओं के स्तर से शोकावकाश घोषित कर दिया गया। इस दुर्घटना के संबंध में लेखपाल के भाई मुकेश कुमार की ओर से अज्ञात कार चालक पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। शव शाम को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।