गांव मदनपुर में खेत के बंटवारे के विवाद में गुस्साए नाती ने अपने 90 वर्षीय बाबा पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इससे बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मदनपुर निवासी 90 वर्षीय साहब सिंह पुत्र होडल सिंह के दो पुत्र भानु प्रताप व शिव प्रताप हैं। शिव प्रताप का बड़ा पुत्र रूपेंद्र काफी समय से अपने बाबा से खेती का बंटवारा करने के लिए कह रहा था, साहब सिंह बंटवारा करने के लिए तैयार नहीं थे।
मंगलवार की दोपहर रूपेंद्र ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने गया तो बाबा ने खेत जोतने का विरोध किया। इसी पर आक्रोशित रूपेंद्र ने अपने बाबा पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इससे साहब सिंह की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर एएसपी लिपि नगायच, सीओ राजीव द्विवेदी मौके पर पहुंच गए। कहा तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।