हॉकी प्रतियोगिता के दौरान एक दूसरे से गेंद छीनने का प्रयास करतीं अयोध्या एवं गोरखपुर टीम की खिल
स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को प्रदेश स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। गोरखपुर और अयोध्या मंडल की टीमों के बीच चारों क्वार्टर में कड़ा संघर्ष हुआ, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। पेनाल्टी शूटआउट में गोरखपुर मंडल ने अयोध्या को 4-3 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक शुरुआत की, लेकिन गोल नहीं हुआ। दूसरे क्वार्टर में गोल के लिए लगातार प्रयास हुए, लेकिन रक्षापंक्ति ने हर कोशिश नाकाम कर दी। तीसरे क्वार्टर में मुकाबला बराबरी का रहा। दोनों टीमों को बढ़त बनाने का मौका नहीं मिला। चौथे क्वार्टर में अंतिम समय तक गोल के लिए संघर्ष जारी रहा, लेकिन स्कोर 0-0 रहा। इसके बाद फाइनल का नतीजा पेनाल्टी शूटआउट से निकला।
इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन रहा शानदार
प्रतियोगिता में गोरखपुर की वर्षा को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, आकांक्षा मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड और दिव्या को सर्वश्रेष्ठ स्कोरर चुना गया। अयोध्या की खुशी सर्वश्रेष्ठ फुल बैक और रूबी सर्वश्रेष्ठ हाफ बैक रहीं।
अतिथियों ने किया खिलाड़ियों को पुरस्कृत
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अलीगढ़ विकास प्राधिकरण के सचिव राहुल विश्वकर्मा और विशिष्ट अतिथि नगर मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता ने विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व नगर विधायक विवेक बंसल, अहिंसा फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश सक्सेना, जिला ओलंपिक संघ के सचिव मजहर उल कमर, अर्जुन सिंह फकीरा, राष्ट्रीय खिलाड़ी शाह मोहम्मद राशिद आदि मौजूद रहे। फाइनल में अंपायर बृजेश, मुस्कान सागर, स्कोरिंग जज शिवानी चौधरी, टाइमकीपर आशा, तकनीकी अधिकारियों रश्मि सिंह, संजय गौतम और मधु ने जिम्मेदारी निभाई। जिला क्रीड़ाधिकारी पूनमलता राज ने आभार जताया।