साईं मंदिर मार्केट की यह दुकानें कासिमपुर पावर हाउस की ओर से एलॉट की गई हैं। कुछ लकड़ी के खोखों में संचालित हैं। कुछ में दुकानदारों ने ऊपर और गेट पर टीन लगा रखी है। कुछ दुकानदार और मजदूर वहीं पर सोते भी हैं। बताते हैं कि आग लगने पर दमकल को सूचना दी गई। सूचना के करीब आधे घंटे बाद एक दमकल पहुंची, लेकिन दो मिनट में ही उसका चार हजार लीटर पानी खत्म हो गया। वहीं आग की लपटें भयावह होती गईं। इसके बाद सूचना देकर और दमकल बुलाई गईं। आठ दमकल ने रात साढ़े 12 बजे से बुधवार की सुबह सात बजे तक पानी की बौछार करते हुए आग पर काबू पाया। इसके बावजूद कहीं-कहीं पर आग सुलग रही थी। सुबह करीब आठ बजे पूरी तरह से आग पर काबू पाया जा सका।
तारों से स्पार्किंग की कर रहे थे शिकायत
दुकानदारों के अनुसार खंभे पर तारों का जाल सा बिछा है। इसमें आए दिन स्पार्किंग होती रहती है। कई बार इस बात की शिकायत पावर हाउस के अधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते उनका बड़ा नुकसान हो गया है। इसी से गुस्साए दुकानदारों ने नुकसान की भरपाई की मांग करते हुए बुधवार को पावर हाउस प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि उनके नुकसान की भरपाई पावर हाउस की ओर से की जाए।