हाथरस। हाथरस किला रेलवे स्टेशन पर बुधवार को शंटिंग के दौरान वापस ले जाई जा रही एक खाली मालगाड़ी का डिब्बा अचानक पटरी से उतर गया। इससे माल लदान और उठान का काम पूरी तरह ठप हो गया। इस मुद्दे पर भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और रेलवे अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
रास्ता बंद होने से श्रमिकों के खाली बैठने और मालवाहक वाहनों के अतिरिक्त खर्च बढ़ने पर दोनों विभागों के अधिकारियों में काफी देर तक विवाद होता रहा। एफसीआई प्रबंधक का कहना था कि रास्ता बंद होने से तमाम श्रमिक हाथ पर हाथ रखकर बैठे हुए हैं और खड़े मालवाहक वाहनों का अतिरिक्त खर्च भी बढ़ रहा है।
इधर, डिब्बा पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में खलबली मच गई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए अलीगढ़ और टूंडला से तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम तक डिब्बे को दोबारा पटरी पर चढ़ाने का काम जारी था।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक स्टेशन परिसर में बिछे पुराने और जर्जर ट्रैक की समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि रेलवे प्रशासन ने वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच कराने की बात कही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बुनियादी सुविधाओं के संकट पर फूटा गुस्सा
मालगाड़ी की बोगी पटरी से उतरने के बाद जहां माल उठान ठप होने से मजदूर बेकार बैठ गए, वहीं परिसर में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली भी खुलकर सामने आ गई। ठेकेदारों और श्रमिकों ने स्टेशन परिसर में पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं तक न होने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। व्यवस्थाओं से नाराज लोगों ने मौके पर करीब एक घंटे तक जमकर हंगामा किया, जिसे अधिकारियों ने बमुश्किल शांत कराया।
पटरी बदलने के कार्य में सुस्ती से हादसा
हाथरस किला स्टेशन से हाथरस जंक्शन स्टेशन तक रेलवे ट्रैक बदलने का काम पिछले करीब एक माह से चल रहा है, लेकिन कार्य की रफ्तार इतनी धीमी है कि आखिरकार दुर्घटना हो ही गई। स्थानीय लोगों और रेलकर्मियों का मानना है कि यदि रेलवे प्रशासन ने पूरी तेजी और गंभीरता से ट्रैक बदलने का कार्य कराया होता, तो अब तक काम पूरा हो चुका होता और यह हादसा टाला जा सकता था।
पूर्व में मकान में जा घुसा था इंजन
उत्तर मध्य रेलवे का हाथरस किला स्टेशन ब्रांच लाइन का अंतिम स्टेशन है, इसके आगे न कोई स्टेशन है और न ही रेलवे ट्रैक। अंतिम छोर होने के कारण यहां शंटिंग के दौरान अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इलाके के बड़े-बुजुर्ग बताते हैं कि 1980 के दशक में भी यहां ऐसा ही बड़ा हादसा हुआ था, जब भाप से चलने वाला एक इंजन स्टेशन की बाउंड्री तोड़ता हुआ पास के एक मकान में जा घुसा था और पूरा मकान ध्वस्त हो गया था।
घटना की जानकारी मिली है। इसमें किसी प्रकार के जान माल की हानि नहीं हुई है। जांच के बाद स्थिति को स्पष्ट किया जा सकेगा।
-अमित मालवीय, पीआरओ हेड क्वार्टर, प्रयागराज।