फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेशेवर गोकश-लुटेरे इरफान की संपत्ति पर पुलिस का ताला

विज्ञापन
पिलखना में गैगस्टर के आरोपी के प्लाट संपत्ति जब्त का नोटिस लगवाती पुलिस। - फोटो : AKBARABAD
विज्ञापन
प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ अभियान के क्रम में अपराध से अर्जित संपत्तियों पर जिला पुलिस की नजर टिक गई है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को अकराबाद क्षेत्र के कस्बा पिलखना के पेशेवर गोकश-लुटेरे इरफान की 80 लाख रुपये कीमत की प्रॉपर्टी (आवासीय भवन) को जब्त करते हुए पुलिस ने अपना ताला डाल दिया है। यह कार्रवाई गैंगेस्टर की धारा 14 (1) के तहत जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद की गई है। इरफान ने गिरोह बनाकर अपराध के जरिये जिन संपत्तियों को अर्जित किया है। उन सभी पर यह कार्रवाई होनी है। अभी कई करोड़ रुपये कीमत की ऐसी ही तीन संपत्तियां अलीगढ़ के भुजपुरा व दोदपुर में भी हैं, जिन्हें दो-तीन दिन में जब्त कर सील किया जाएगा।
विज्ञापन

2017 के गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में जमानत पर बाहर आए पेशेवर गोकश इरफान पुत्र बुंदा खां निवासी मोहल्ला अंसारियान कस्बा पिलखना पर करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा मुकदमे हैं। इनमें ज्यादातर पशु व गोकशी, लूट व चोरियों के हैं। यह अपने भाइयों व गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर अपराध करता है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार अपराध के जरिये उसने वर्ष 2009 के बाद से लेकर अब तक अपनी पत्नी व अन्य परिजनों के नाम कई करोड़ की संपत्ति खरीदी है, जबकि परिवार का दूसरा कोई आय का स्रोत नहीं है। इस रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 व गैंगेस्टर की धारा 14 (1) के तहत इरफान व उसके परिवार के नाम अंकित आवासीय भवन रकवा 176.6 (पिलखना अकराबाद), प्लाट आवासीय रकवा 100 वर्गगज (दोदपुर अलीगढ़), प्लाट कृषि रकवा 125 वर्गगज (भुजपुरा अलीगढ़), प्लाट आवासीय रकवा 100 वर्गगज (दोदपुर तहसील) को जब्त करने के आदेश दिए थे। साथ में इन सभी संपत्तियों का प्रशासक एसओ अकराबाद व ईओ नगर पंचायत पिलखना को नियुक्त किया है।
इसी आदेश के क्रम में बृहस्पतिवार को एसओ अकराबाद उमेश चंद्र शर्मा, अधिशासी अधिकारी पिलखना सुरेंद्रपाल सिंह, एसआई लालबहादुर सिंह, एसआई गौरव चौधरी आदि पुलिस टीम के साथ उसके पिलखना स्थित प्लाट पर पहुंचे, जिसकी बाजारू कीमत 80 लाख रुपये आंकी गई है। यहां मुनादी पिटवाकर संपत्ति कुर्क कर पुलिस के हक में जब्त करने की सूचना प्रसारित की गई। इसके बाद उस संपत्ति पर पुलिस ने अपना ताला डालते हुए वहां दीवार पर लिखवाया भी गया कि यह संपत्ति जब्त कर ली गई है, इसकी खरीद-फरोख्त व उपयोग अवैध माना जाएगा। एसओ ने बताया कि शेष तीन संपत्तियों को दो-दिन में जब्त कर सीज किया जाएगा। उनकी कीमत भी कई करोड़ रुपये है।
विज्ञापन

जिले में कई साल बाद हुई यह कार्रवाई
अपराध के जरिये अर्जित संपत्ति को पुलिस के हक में कुर्क कराने की कार्रवाई जिले में अर्से बाद हुई है। सबसे चर्चित कार्रवाई जिले में वर्ष 2010-2011 में हुई थी, जिसके तहत जिले के दर्जन भर बड़े नाम वालों की संपत्तियों को कुर्क किया गया था।
पांच और अपराधियों की संपत्ति कुर्क की तैयारी : एसएसपी
एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि पेशेवर गोकश व लुटेरे इरफान की तरह जिले में अन्य अपराधियों द्वारा अपराध की आय से अर्जित संपत्तियों को कुर्क करने संबंधी कार्रवाई पर तेजी से काम हो रहा है। अभी पांच अपराधियों की संपत्तियों को कुर्क करने संबंधी पत्रावली पूरी हो गई है। उस पर जिलाधिकारी स्तर से अनुमोदन लिया जाना शेष है। अनुमोदन मिलते ही, उन संपत्तियों को भी कुर्क किया जाएगा।
22 और अपराधियों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई
एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के क्रम में लॉकडाउन के बाद अब तक कुल 85 अपराधियों पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, जिनमें ताजा 22 अपराधियों पर गैंगेस्टर लगाया गया है। उन्होंने बताया कि जिन नए 25 अपराधियों पर गैंगेस्टर लगाया गया है, उनमें 7 क्वार्सी से, 2 टप्पल से, 3 पिसावा से, 4 इगलास से और 6 मडराक से संबंधित हैं। इन सभी की संपत्तियों का भी सत्यापन कराया जा रहा है। अगर इनकी संपत्तियां अपराध से अर्जित की गई होंगी तो इन पर भी यही कार्रवाई की जाएगी।
जिन अपराधियों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई हुई है। उनमें क्वार्सी से गांजा तस्कर गैंग के शिशुपाल पुत्र महावीर निवासी एडीए सासनी गेट, विपिन शर्मा पुत्र हरिदास निवासी विघैपुर सासनी, संदेश पुत्र धर्मवीर, मनोज पुत्र ओमप्रकाश निवासी महुआ इगलास, लोकेश पुत्र किशन सिंह निवासी पारस कॉलोनी सासनी, रिंकू शर्मा पुत्र जितेंद्र शर्मा निवासी पवन विहार टेड़ी बगिया आगरा, गजेंद्र शर्मा पुत्र रमेश चंद्र निवासी करौली चंदन थाना रघूपुरा नोएडा शामिल हैं। इसके अलावा टप्पल से वाहनों से चोरी करने वाले गैंग के दिनेश उर्फ दिन्नू व रमाकांत उर्फ गज्जू निवासी गौरोला टप्पल पर यह कार्रवाई हुई है। इसके अलावा पिसावा पुलिस ने सनी, मानवेंद्र उर्फ मनू व विकास निवासी करहला गोरवा गोंडा पर लूट के मामले में गैंगेस्टर की कार्रवाई की है। इसके अलावा इगलास पुलिस ने लूट करने वाले गैंग के मदन उर्फ मोनिया, कृष्णा उर्फ बाबू, दीपेश उर्फ गोला व सतेंद्र निवासी बसगोई सासनी पर यह कार्रवाई की है। इसी तरह मडराक पुलिस ने लूट के आरोपी पिंटू, अमित, सोमेश, उदय चौधरी निवासीगण सुसाइत सासनी व मुबारिक व बंटी उर्फ चांद निवासी नगला भूरा सासनी पर यह कार्रवाई की है।
जिले के आठ और अपराधी किए गए जिला बदर
जिला पुलिस की रिपोर्ट पर शहर के साथ-साथ देहात के भी अपराधियों को गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर करने संबंधी आदेश अलग-अलग न्यायालयों ने किया है। इस तरह कुल 27 अपराधी जिला बदर किए गए हैं। शनिवार को शहर क्षेत्र के कुल 19 अपराधियों को लेकर एडीएम सिटी के न्यायालय से आदेश जारी हुआ था। इसी तरह एडीएम वित्त एवं राजस्व के न्यायालय से देहात के 8 अपराधियों को लेकर जिला बदर आदेश जारी हुआ है। इसे लेकर एसएसपी मुनिराज जी ने जिले भर के लोगों से अपील की है कि इन 27 में से कोई भी जिले की सीमा में घूमता दिखाई दे तो संबंधित थाने, क्षेत्राधिकारी या फिर उनके स्तर पर सूचना देकर पुलिस की मदद करें।
एसएसपी के अनुसार शहर के 19 अपराधियों के अलावा देहात के जिन 8 अपराधियों को जिला बदर किया गया है, उनमें अतरौली से संबंधित आमिर पुत्र निजाम, आजाद पुत्र शमशुद्दीन व आकिल पुत्र हाजी सुलेमान निवासी पैंठ चौराहा शामिल हैं। पालीमुकीमपुर से अनिल पुत्र भगवानदास निवासी सीसई के अलावा गंगीरी से नेतराम पुत्र लाखन, पटवारी पुत्र बिजेंद्र निवासी ऊंटासानी, सोनपाल पुत्र पूरन व बोहरा पुत्र बाबूराम निवासी कुतुबपुर शामिल हैं। एसएसपी ने कहा है कि इन अपराधियों को लेकर अगर कहीं कोई सूचना मिले तो संबंधित क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ व एसओ के अलावा उनके स्तर पर भी सूचना पहुंचाई जा सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें