अलीगढ़ के बन्नादेवी थाने में मां के साथ पहुंची युवती रो-रोकर बस यही कह रही थी कि सर वो मेरा पहला और आखरी प्यार है...। युवती ने बताया कि नर्सिंग की पढ़ाई करने के दौरान उसकी मुलाकात दूसरी बिरादरी के ही एक युवक से पांच साल पहले हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्यार का सिलसिला शुरू हो गया।
'सर वो मेरा पहला और आखरी प्यार है। शादी करके उसके साथ पूरा जीवन बिताना है। न जाने उसे क्या हो गया है। वह शादी करने से इन्कार कर रहा है। अपना मोबाइल फोन तक बंद कर लिया है।' ये बातें थाना बन्नादेवी में 13 अप्रैल दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी मां के साथ पहुंची एक 24 साल की युवती ने कहीं।
विज्ञापन
युवती ने रोते हुए कहा कि ऐसे कैसे उसे वो अकेला छोड़ सकता है। प्लीज आप मदद करिए। बोलिए उसे कि मोबाइल फोन उठाकर बात करें। अगर बात नहीं करता है तो उसके खिलाफ धोखा देने का मुकदमा लिख दीजिए। मैंने यहां आने से पहले 112 नंबर पर कॉल की थी। वह घर में ही है, लेकिन परिजनों ने पुलिस वालों को बता दिया कि वह घर पर नहीं है। युवती की बात सुनकर थाने पर मौजूद पुलिस कर्मी सकते में आ गए। उन्होंने पहले उसे कुर्सी पर बिठाया फिर पूरा माजरा जाना।
युवती ने बताया कि नर्सिंग की पढ़ाई करने के दौरान उसकी मुलाकात दूसरी बिरादरी के ही एक युवक से पांच साल पहले हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्यार का सिलसिला शुरू हो गया। घंटों फोन पर बातचीत होती है। युवक गुरुग्राम में नौकरी कर रहा है। पिछले दो दिन से मोबाइल फोन बंद कर लिया है, जबकि वह घर पर ही मौजूद है। परिवार को सब पता है फिर भी कोई उससे मिलने नहीं दे रहा है।
विज्ञापन
युवती की मां बोली, साहब पांच साल से युवक बेटी को प्यार के नाम पर धोखा देता आ रहा है। बेटी के भविष्य का सवाल है। बेटी की जिद के आगे मजबूर हैं, नहीं तो कभी भी उसे ऐसा न करने देती। बोली, उसे उसके किए की सजा जरूर मिलनी चाहिए। इस पर पुलिस कर्मियों ने मां-बेटी को समझाया और कार्रवाई की बात कहकर उससे तहरीर ले ली। थाने से जाते हुए बोली, अगर बात न मानें तो मुकदमा दर्ज कर लेना।