कस्बे में सोमवार शाम बाइक सीख रही एक युवती की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मीना मार्केट निवासी राजकुमार शर्मा की 20 वर्षीय पुत्री रिया शर्मा सोमवार शाम चीमनपुर रोड पर पड़ोसी किशोर आजाद और उसकी बहन के साथ बाइक चलाना सीख रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में रिया के सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गई। किशोर आजाद भी घायल हो गया। राहगीरों और परिजनों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रिया को मृत घोषित कर दिया। आजाद की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिया तीन बहनों और एक भाई में तीसरे नंबर की थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।