मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे गांव अधौन में सरकारी विद्यालय के सामने खड़ी बुशरा (4) को एक कार टक्कर मारकर निकल गई। इससे मौके पर ही बच्ची की मौत हो गई। वह अपनी बहन के पास स्कूल गई थी। परिवार का कहना है कि किसी अध्यापक ने उसे स्कूल से निकाल दिया था। स्कूल से निकलते ही कर टक्कर मारकर निकल गई।
गांव अधौन निवासी इंशाद अली के अनुसार उनकी बड़ी बेटी सरकारी स्कूल में पढ़ती है। बुशरा भी बहन के साथ कभी-कभी स्कूल पहुंच जाती थी। मंगलवार को लंच टाइम पर किसी अध्यापक ने उसे स्कूल से बाहर निकाल दिया था। इस पर वह स्कूल से बाहर निकली तभी एक कार उसे टक्कर मारकर निकल गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
खबर पाकर पहुंची उसकी मां सहित परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं गांव के लोग भी हादसे की खबर पाकर मौके पर पहंच गए। थाना पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।