अलीगढ़ में अकराबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगला तुलाराम में 15 सितंबर सुबह एक युवती बहन से कहासुनी होने के बाद 100 मीटर ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और कूदकर मरने की धमकी देने लगी। परिजन और पुलिस तीन घंटे तक हलकान होते रहे। पिता घर पर नहीं होने पर उसके मोबाइल फोन पर कॉन्फ्रेंस पर बात कराई, इसके बाद युवती टावर से नीचे उतरकर परिजनों के साथ घर चली गई।
क्षेत्र के गांव बीजलपुर निवासी राधा (21) अपनी एक सहेली के साथ मां गंभीरा देवी मंदिर में 15 सितंबर को दर्शन के लिए गांव से सुबह 10 बजे गई थी। सहेली ने बताया कि वापस लौटते समय नगला तुलाराम के समीप राधा के पास किसी का फोन आया तो वह उससे बात करते हुए अचानक उससे (सहेली) बोली- मैं मरने जा रही हूं और पास में ही स्थित 100 मीटर ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
सहेली के शोर मचाने पर भीड़ इकट्ठी हो गई, टावर पर चढ़ते हुए युवती लगातार कह रही थी यदि कोई टावर पर मुझे उतारने आया तो मैं ऊपर से कूदकर जान दे दूंगी। युवती मोबाइल टावर के सबसे ऊपर पहुंच गई। मौके पर पहुंची युवती की मां से रो-रो कर बेटी नीचे आजा... बेटी नीचे आजा की गुहार लगा रही थी। मां का कहना था कि राधा का रविवार की रात को घरेलू कामों को लेकर छोटी बहन से विवाद हो गया था, इसके बाद से ही वह गुस्से में थी। इधर, थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी भी युवती को समझाने की कोशिश में लगे हुए थे लेकिन युवती कह रही थी मैं मरना चाहती हूं।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवती के चाचा ने उसके पिता भूरी सिंह के पास फोन किया, जो मुंबई में मजदूरी करते हैं, उसकी राधा से कॉन्फ्रेंस कराई, जिस पर वह कुछ शांत हुई और नीचे आने पर राजी हो गई। पुलिस ने मौके पर जमा भीड़ को हटाया, इसके बाद युवती धीरे-धीरे नीचे उतरी और चाचा-चाची के साथ बाइक पर बैठकर घर चली गई। पुलिस टीम युवती के घर पर गई लेकिन उस समय वह कोई बयान नहीं दे सकी।
युवती के घर पहुंचकर उससे पूछताछ की कोशिश की गई लेकिन वह कुछ नहीं बता रही है। परिवार के लोगों का कहना है कि इस समय राधा की तबीयत गर्मी से खराब है, बाद में पूछ लेना। पुलिस युवती की हालत सामान्य होने पर पूछताछ करेगी।-बालेंद्र सिंह थाना प्रभारी विजयगढ़।