एक लड़की ने दो युवकों को कई बार फोन किया और बातों के जाल में फंसाकर उन्हें मिलने के लिए बुलाया। जब लड़के लड़के इस लड़की से मिलने के लिए पिसावा क्षेत्र में पहुंचे तो लड़की के साथ मौजूद लोगों ने दोनों को बंधक बना लिया। उनके परिजनों को फोन कर डेढ़ लाख रुपये, दो बाइक और मोबाइल वसूल लिए। बाद में सूचना पर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया है, जबकि तीन फरार हैं।
बताते हैं कि सरफराज अनवर निवासी मेहंदीपुर गौतमबुद्धनगर और आमिर पुत्र जरीफ निवासी कमालपुर बुलंदशहर को सोनू उर्फ कमल हसन नाम की किसी लड़की ने फोन कर बुलाया। दोनों एक ही बाइक पर लड़की से मिलने पहुंचे।
पिसावा के गांव धरमपुर जलोखरी के नजदीक उन्हें बुलाने वाली लड़की मिल गई। जैसे ही सरफराज और आमिर बाइक से उतरे उतने में लड़की के साथ मौजूद कुछ लोग पीछे से पहुंच गए और दोनों को दबोचकर खेत में ले गए। मारपीट कर घरवालों को फोन कराया। दोनों को छोड़ने के बदले आठ लाख रुपये मांगे।
घबड़ाए परिजन डेढ़ लाख रुपये लेकर पहुंच गए तो आरोपियों ने उनकी दोनों बाइक, मोबाइल भी रखवा लिए। कहा कि बकाया रुपये लेकर आना तब बाइक, मोबाइल मिलेंगे। इस पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शाहपुर के आगे खुर्जा रोड से दो आरोपियों चांद पुत्र सोहराज मेहंदीपुर गौतम बुद्धनगर और शमीम मेव पुत्र राजी खान निवासी भावरा बुलंदशहर को पकड़ लिया। उनके पास से रुपये, बाइक और मोबाइल बरामद किए हैं। सीओ तेजवीर सिंह और कोतवाल पिसावा विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जाएगी।