आभा आईडी के जरिये लोगों का स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा। इसमें पुरानी बीमारियां, जांच रिपोर्ट और उपचार का पूरा ब्योरा दर्ज होगा। इससे मरीजों को भविष्य में इलाज के दौरान अपनी पुरानी मेडिकल हिस्ट्री बताने में आसानी होगी। चिकित्सक भी डिजिटल रिकॉर्ड देखकर बेहतर उपचार कर सकेंगे।
खैर ब्लॉक की 73 ग्राम पंचायतों में आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड बनाने का अभियान तेज कर दिया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. रोहित भाटी ने बताया कि आभा आईडी बनाने का 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। 18 दिसंबर तक इसे शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा। आशा कार्यकर्ता, एएनएम, सीएचओ और सजनी सहित सभी विभागीय कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, विभागीय टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर आयुष्मान योजना में पात्र लोगों का पंजीकरण कर रही हैं। सीएचसी अधीक्षक ने पात्र परिवारों से आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की। बताया कि आयुष्मान कार्ड के जरिये लाभार्थियों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। पात्र लोग खैर सीएचसी पहुंचकर भी कार्ड बनवा सकते हैं।