कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर और ब्लैक फंगस से निपटने के लिए जिला प्रशासन और सख्त हो गया है। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने शनिवार को कलक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक में कहा कि सीएमओ और दूसरे अधिकारी हर हाल में रोजाना पांच हजार कोरोना टेस्ट कराने का लक्ष्य प्राप्त कर लें।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसका निर्देश दिया है। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। डीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में अधिक से अधिक जांच हों। सभी एसडीएम को दो दिन के अंदर ग्रामीण क्षेत्रों में दवा वितरण कराएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि पैथ काइंड लैव ने कोविड-19 की पुरानी जांच को अपलोड किया है। यह बहुत गंभीर मामला है। सीएमओ को पैथ काइंड लैब की संबंधित शाखा को तत्काल सील करते हुए वैधानिक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। उन्हेांने कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट ठा. मलखान सिंह जिला अस्पताल को रोजाना 200 ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराएंगे।
एसीएम प्रथम अस्पताल में समस्त व्यवस्थाओं की देखरेख करेंगे। सभी मजिस्ट्रेट सरकारी व प्राइवेट हॉस्पिटल का लगातार निरीक्षण करते रहे। कोविड दीनदयाल अस्पताल के नए सीएमएस को बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
ब्लैक फंगस व कोविड 19 की तीसरी लहर से निपटने के लिए सीएमओ अपनी तैयारी शुरू कर दें। बैठक में सीडीओ अंकित खंडेलवाल, अपर जिलाधिकारी, एसीएम प्रथम एवं द्वितीय, सीएमओ, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, सीएमएस दीनदयाल अस्पताल, सहायक प्रभारी अधिकारी कोविड कमांड सेंटर उपस्थिति रहे।