अलीगढ़ शहर के थाना रोरावर क्षेत्र के नादा पुल के पास बृहस्पतिवार को नगर निगम के कूड़ा वाहन और एक बाइक की मामूली टक्कर के बाद विवाद हो गया। बाइक सवार व उसके साथियों ने कूड़ा वाहन चालक व उसके साथी सफाई कर्मचारियों, जोन व वार्ड सुपरवाइजर के साथ मारपीट कर दी। घटना के विरोध में एकत्रित हुए सफाई कर्मियों ने पहले नादा पुल के पास जाम लगा दिया। फिर वे थाने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर निगम की अर्बन एनवायोरेटेक सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में बताैर चालक कार्यरत अर्जुन निवासी नगला कलार, थाना बन्नादेवी, हेल्पर अभिषेक निवासी बाबरी मंडी नुनेरगेट, विष्णु निवासी गढिया पीली कोठी कूड़ा उठान से पहले नादा बाईपास स्थित सीएनजी पंप से ईंधन लेने जा रहे थे। तभी बीच रास्ते में एक गेस्ट हाउस के पास एक बाइक बीच रास्ते में खड़ी हुई थी। आरोप है कि बाइक चालक से उसे रास्ते से हटाने को कहा तो उसने गाली- गलौज करने के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इतना ही नहीं उसने 20-25 साथी भी बुला लिए। इस पर उन्होंने वार्ड सुपरवाइजर सचिन व जोन सुपरवाइजर यशवीर सिंह को जानकारी दी। वे माैके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि सभी व्यक्तियों द्वारा लाठी, डंडे, फावड़ा, ईट, लात-घूंसों आदि से उनके साथ मारपीट कर दी। इसमें जोनल सुपरवाइजर यशवीर सिंह, वार्ड सुपरवाइजर सचिन, अभिषेक व साकिर आदि घायल हो गए। सूचना पर इलाका पुलिस आ गई और एक महिला समेत कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। उधर, इस घटना के विरोध में सफाई कर्मी एकत्रित हो गए और उन्होंने नादा पुल के पास जाम लगा दिया। किसी तरह पुलिस ने उन्हें समझाया तो वे थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करने लगे।
सीओ प्रथम संजीव कुमार व थाना प्रभारी रवि चंद्रवाल ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। सीओ प्रथम संजीव कुमार ने बताया कि प्रकरण में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान व तलाश की जा रही है।