अतरौली क्षेत्र की जर्जर और कच्ची सड़कों की सूरत बदलने वाली है। क्षेत्र की कई बड़ी सड़कों की विशेष मरम्मत और नवनिर्माण के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं को शासन से मंजूरी मिल गई है। इन सड़कों के बनने से दर्जनों गांवों के निवासियों को सीधा फायदा मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार पुष्कर के अनुसार 62.90 लाख रुपये से नरौना-बरला मार्ग के किलोमीटर 11 और 15 पर विशेष मरम्मत कार्य कराया जाएगा। 11 दिसंबर तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कराने के बाद काम शुरू करा दिया जाएगा।
102.85 लाख रुपये की लागत से पालीमुकीमपुर गांव से मऊपुर मार्ग, 111.89 लाख रुपये से बिजौली ब्लॉक से सिरसा तक की सड़क बनेगी। 120 लाख रुपये की लागत रुमामई से जूनियर हाईस्कूल तक की सड़क बनेगी। तेवथू से बहादुरपुर के लिए 127.24 लाख, सैफपुर से बड़ेसरा तक के लिए 151.24 लाख, पालीमुकीमपुर से कुंवरपुर तक के लिए 133.25 लाख रुपये खर्च होंगे। बाड़ौल से पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज बड़ेसरा तक के लिए 85.90 लाख और बलीपुर स्कूल से मऊपुर तक के लिए 152.75 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि इन सभी सड़कों की टेंडर प्रक्रिया 10 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी।