जिला पूर्ति विभाग ने सोमवार को इगलास तहसील के बेसवां में 200 क्विंटल सरकारी चावल से लटा ट्रक चालक सहित पकड़ा। इस चावल को हाथरस से दिल्ली में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। ट्रक चालक व मालिक के खिलाफ सप्लाई इंस्पेक्टर, इगलास नवल सिंह आजाद की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। चावल की कीमत चार लाख रुपये आंकी गई है। ट्रक व चावल पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सोनी ने बताया कि 400 कट्टों में 200 क्विंटल चावल को हाथरस से दिल्ली में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। बेसवां के पास ट्रक के पहुंचने पर सप्लाई इंस्पेक्टर नवल सिंह आजाद को मुखबिर के जरिये इसकी सूचना मिली। वह तत्काल विभाग के बाबू मनोज कुमार व थाना इगलास पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
वहां ट्रक को रोककर चालक को हिरासत में लिया गया। जांच में चावल सरकारी खाद्यान्न का निकला। अनिल कुमार पुत्र ओमप्रकाश ग्राम जगतपुर, लोधा ने पूछताछ में बताया कि इसका मालिक हरवंश कुमार निवासी ग्राम तेहरा, इगलास है। हाथरस से मुरसान होते हुए इगलास के रास्ते दिल्ली ले जा रहे थे। सप्लाई इंस्पेक्टर ने चालक व मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। चावल हाथरस में कहां से और किसके द्वारा बेचा गया है, इसकी जांच की जा रही है।