हाथरस के चंदपा थाना क्षेत्र में बिटिया के साथ हुई घटना अभी शांत भी नहीं हुई है कि अलीगढ़ में एक बार फिर इंसानियत शर्मसार हो गई। क्वार्सी थाना क्षेत्र के नगला पटवारी इलाके में चार साल की बच्ची के साथ छह साल के बच्चे द्वारा दुष्कर्म की घटना सामने आई है।
छह साल के बच्चे की इस हरकत ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बच्ची बीते 12 अक्तूबर को घर के बाहर खेल रही थी, तभी उसकी गेंद पड़ोसी के घर में चली गई।
बच्ची जब पड़ोसी के घर अपनी गेंद लेने के लिए गई तो आरोपी बच्चे ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे डाला। शनिवार देर शाम जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो मां के पूछने पर उसने सारी बात बताई।
मामले की जानकारी मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। परिजन देर रात बच्ची को लेकर थाने पहुंचे। पीड़ित बच्ची और आरोपी बच्चे से पुलिस ने कई तरह की पूछताछ की और बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा। फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।