तुर्कमान गेट में शॉर्ट सर्किट से ट्रांसफार्मर में लगी आग।
- फोटो : CITY OFFICE
कोतवाली थाना क्षेत्र के तुर्कमानगेट में बिजली विभाग के चार ट्रांसफार्मरों में भीषण आग लग गई। कूड़े के ढेर से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। इधर, हादसे के बाद क्षेत्र के 650 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति ध्वस्त हो गई। लोग पानी के लिए तरस गए। देररात तक बिजली विभाग की टीम आपूर्ति बहाल करने में जुटी थी।
तुर्कमानगेट क्षेत्र में मंगलवार अपराह्न भयानक हादसा हो गया। बिजली विभाग के चार ट्रांसफार्मरों में आग लग गई। लोग अग्निशमन विभाग को फोन लगाते रहे लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में लोगों ने मशक्कत कर आग को बुझाने की कोशिश की। आग बुझने के बाद दमकल की गाड़ी पहुंची। राहत की बात यह है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में जान-माल की क्षति नहीं हुई।
बिजली विभाग के अधिकारी कूड़े के ढेर से आग लगने की आशंका जता रहे हैं।
ट्रांसफार्मर के आसपास कूड़ा डाल दिया जाता है। ट्रांसफार्मर फूंकने के बाद तुर्कमान गेट क्षेत्र के 650 से 700 से अधिक घरों में 7 घंटे से अधिक (रात 10 बजे तक) समय तक बिजली आपूर्ति ठप है। पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा है। लोग पानी के लिए तरस गए हैं। आग की लपटें देखकर लोग दहशत में आ गए थे। नगर विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता रतन पाल ने बताया कि अग्निशमन विभाग में बार-बार फोन लगाने के बावजूद फोन रिसीव नहीं हुआ। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ट्रांसफार्मर की आग बुझने के बाद पहुंची। उन्होंने बताया कि आपूर्ति बहाल करने के लिए बिजली विभाग की टीमें जुटी हैं। रात 10 बजे दो ट्रांसफार्मर स्टोर से तुर्कमान गेट के लिए भेजे गए हैं। देर रात तक कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।