सफेद रंग की वैगन आर कार सवार चार बदमाशों ने मंगलवार रात एक-एक कर चार लूट की घटनाओं को अंजाम दिया। इन घटनाओं की सूचना पर पुलिस बदमाशों के पीछे लग गई। इसी दौरान तड़के गांधीपार्क क्षेत्र में बदमाशों को थाना पुलिस व एसओजी ने मुठभेड़ में दबोच लिया। चारों बदमाश पैर में गोली लगने से जख्मी हुए हैं। इनसे लूट की घटनाओं का माल भी बरामद हुआ है। चारों एटा के रहने वाले हैं।
एसपी क्राइम डॉ.अरविंद के अनुसार, मंगलवार रात 9:30 बजे पहली सूचना राकेश कुमार ने दी कि पनैठी कासगंज रोड पर सफेद रंग की बिना नंबर की वैगन आर कार सवार 4 बदमाशों ने मारपीट कर उससे व उसके भाई से लूट की है। सूचना पर जिले भर में बदमाशों की चेकिंग शुरू कराई गई। कुछ देर बाद पता चला कि इसी कार में सवार बदमाशों ने लोधा क्षेत्र में एस्सार पंप के पास बलवीर सिंह व उसके साथियों से तीन मोबाइल व नकदी लूट ली। पुलिस ने लोधा इलाके में बदमाशों को घेरने का प्रयास किया तो बदमाश वापस अकराबाद क्षेत्र में पहुंच गए और सतीश चंद्र से बाबा कोल्ड स्टोर के पास मोबाइल व उसके कुछ देर बाद गांधीपार्क इलाके में भदेसी के पास चंद्रशेखर से मोबाइल व नकदी लूट ली।
लगातार चार-चार लूट की सूचना चंद घंटे में मिलने पर एसएसपी मुनिराज जी ने तत्काल हाईवे की घेराबंदी शुरू कराई और एसओजी व सर्विलांस टीम को भी लगाया गया। इसी दौरान गांधीपार्क इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौर व उनकी टीम को बौनेर तिराहे पर गाड़ी दिखाई दी। जब उसे रोकने का प्रयास किया तो वह नए छर्रा अड्डा से ओजोन रोड पर चल दिए। पुलिस टीम ने एसओजी के साथ घेराबंदी कर रोका तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में चारों पैर में गोली लगने से जख्मी हो गए। तत्काल इनको जिला अस्पताल ले जाया गया। तलाशी में कार के अलावा लूटे गए 7 मोबाइल, 35500 रुपये नकद, पर्स, लूट का बैग, असलहे, कारतूस आदि बरामद हुए। बदमाशों ने चारों लूट को स्वीकारा। इनका पुराना क्राइम रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है। बरामद कार चोरी की लग रही है। उसकी जानकारी जुटाई जा रही हैं।
गिरफ्तार अपराधी
- प्रदीप पुत्र नत्थू सिंह निवासी रामनगर थाना निधौलीकलां जनपद एटा
- जयवीर यादव पुत्र इन्द्रपाल यादव निवासी जटोली थाना निधौलीकलां जनपद एटा
- अशोक यादव पुत्र रामवीर यादव निवासी जटोली थाना निधौलीकलां जनपद एटा
- बबलू पुत्र बुनियाद अली निवासी किदवई नगर थाना कोतवाली नगर जनपद एटा
जिला अस्पताल में भर्ती पुलिस मुठभेड़ में घायल बबलू खान।- फोटो : CITY OFFICE
जिला अस्पताल में भर्ती पुलिस मुठभेड़ में घायल जयवीर ।- फोटो : CITY OFFICE
जिला अस्पताल में भर्ती पुलिस मुठभेड़ में घायल अशोक यादव।- फोटो : CITY OFFICE