महानगर के हॉट स्पॉट एरिया में चार और कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये लोग जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार करा रहे थे। खास बात है कि इनमें से एक मरीज नए इलाके मैलरोज बाईपास के मलिक चौक से सामने आया है। इससे जनपद में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 105 तक पहुंच गई है। अब तक 9 लोगों को कोरोना निगल चुका है। 50 से अधिक लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि जेएन मेडिकल कॉलेज से बुधवार को 4 कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की रिपोर्ट आई है। इसमें देहली गेट के अहलादपुर नींवरी का एक 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति है।
यहां से पहले भी कई कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। एक 30 वर्षीय महिला कोतवाली थाना क्षेत्र की भुजपुरा की है। यह एरिया हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित है। इसके अतिरिक्त एक 27 वर्षीय महिला देहलीगेट के तुर्कमानगेट की है। चौथा व्यक्ति थाना देहली गेट क्षेत्र के मेलरोज बाईपास स्थित मलिक चौक से है, जसकी उम्र 45 वर्ष है। जिलाधिकारी ने बताया कि संक्रमित लोगों के घर के 400 मीटर के क्षेत्र को सील कर नगर निगम द्वारा सैनिटाइज किया जा रहा है।
अतरौली कोविड-19 से महिला जेएनएमसी रेफर
अतरौली स्थित कोविड-19 लेवल हॉस्पिटल से एक 45 वर्षीय संक्रमित महिला को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। महिला को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।
थाना बन्नादेवी क्षेत्र की महिला पहले अतरौली में भर्ती हुई थी। सांस लेने में परेशानी होने पर पहले भी उसे जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। मंगलवार को वह जेएन मेडिकल कॉलेज से ठीक होकर अतरौली आई थी। आज फिर से सांस लेने में दिक्कत होने पर मेडिकल भेज दिया गया है।