गिरफ्तार पांच आरोपियों के पास से बरामद माल व हथियार
- फोटो : पुलिस
इगलास कोतवाली पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर हाल ही में हुईं भैंस चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, तीन छुरे, एक मैक्स पिकअप वाहन तथा चोरी की भैंसों की बिक्री से प्राप्त एक लाख नौ हजार रुपये बरामद किए हैं। पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
सीओ कमलेश कुमार ने बताया कि कस्बा इगलास निवासी हरीश कुमार, नगला शिव सिंह निवासी कौशल कुमार, सुंदर सिंह निवासी असरोई तथा जयप्रकाश निवासी बढ़ाकलां की पिछले दिनों भैंस चोरी हो गई थीं। कोतवाल दिनेश सिसोदिया चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए काम कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर 18 जून को रात 1:30 बजे डबल गंग नहर के टीकापुर पुल के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों में अपने नाम फिरोज, जान मोहम्मद, बावला उर्फ चांद, समीर तथा इस्मो उर्फ इस्माइल निवासी जवार थाना इगलास बताया।
पूछताछ में आरोपियों ने चार स्थानों से भैंस चोरी की घटनाएं स्वीकार की हैं। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे चोरी करने से पहले दिन में रैकी करके दुधारू भैंस की जानकारी कर लेते थे। मौका देखकर भैंस चोरी करने के बाद उन्हें मैक्स पिकअप वाहन में लादकर हाईवे से होते हुए अन्य जनपदों में जाकर बेच देते थे। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में पहले से चोरी की कई घटनाओं के मामले दर्ज हैं।