कोरोना संक्रमण लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। शनिवार को भी जिले में कोरोना संक्रमित एक मरीज की मौत हो गई, जबकि चार नए मरीज सामने आए हैं। चारों को देर रात आइसोलेट कराने के साथ-साथ परिवारों को क्वारंटीन कराने और इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने की कवायद जारी थी। इधर, मृत मरीज के शव को फिलहाल मेडिकल कॉलेज में ही रखा गया है। संकेत हैं कि रविवार को शव का अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
शनिवार को जेएन मेडिकल कॉलेज से जारी सूचना के अनुसार, जिस मरीज की मौत हुई है, वह 20 मई को कोरोना संक्रमित घोषित हुआ था। 45 वर्षीय व्यक्ति दिल्ली में प्रिंटिंग प्रेस का काम करता था। लॉकडाउन चलते 18 मई को दिल्ली से लौटा था। आते ही तेज बुखार से पीड़ित हो गया। इस पर परिवार ने उसी दिन उसे मेडिकल में भर्ती करा दिया था। जहां 20 मई को रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसके बाद शनिवार शाम उसकी मौत हो गई।
इधर, गुजरात से लौटे श्रमिकों में गोंडा क्षेत्र के गांव कैथवारी निवासी 25 वर्षीय युवक व 4 साल की भतीजी को संक्रमित पाया गया है। वहीं अकराबाद के बहादुरपुर में गुजरात से लौटे श्रमिक परिवार का 12 साल का बच्चा भी संक्रमित घोषित हुआ है। इधर, लखनऊ केजीएमयू से आई रिपोर्ट में सासनी गेट के जयगंज लड़िया का एक 25 वर्षीय युवक संक्रमित घोषित किया गया है। यह युवक 15 मई को संक्रमित घोषित हुए एक मरीज के संपर्क में आया था। उसका रिश्तेदार है।
- जिले में आज मेडिकल कॉलेज से तीन और लखनऊ से एक मरीज पॉजिटिव घोषित हुए हैं, जबकि एक पहले से भरती संक्रमित मरीज की मौत हो गई है। संक्रमित मरीजों को भरती कराने से लेकर अन्य कार्यवाही की जा रही हैं।-अनुनय झा सीडीओ
--कोरोना मीटर--
- 125 मरीज अब तक पाए गए जिले में
- 13 मरीजों की अब तक हो चुकी मौत(जयगंज की महिला आगरा में संक्रमित हुई थी, दिल्ली में मौत)
-55 मरीज स्वस्थ होकर घर गए
-58 सक्रिय मरीज अभी भर्ती हैं
---
-- आज नए संक्रमित घोषित--
1- 25 वर्षीय युवक निवासी कैथवारी गोंडा।
2- 4 वर्षीय बालिका निवासी कैथवारी गोंडा।
3- 12 वर्षीय बालक बहादुरपुर अकराबाद।
4- 25 वर्षीय युवक लड़िया सासनी गेट।
---
--पहले से संक्रमित घोषित, जिनकी आज मौत--
1- 45 वर्षीय पुरुष मलिक चौक देहली गेट। (मेडिकल में आज मृत घोषित)