मुठभेड़ में गोली लगने से घायल आरोपी को ले जाती पुलिस
- फोटो : पुलिस
गभाना की सोमना नहर के पास रविवार देर रात मुठभेड़ में पुलिस ने संरक्षित पशु के मांस की तस्करी करने वाले चार आरोपियों को पकड़ा है। इनमें तीन आरोपी सगे भाइयों के पैरों में गोली लगी है। उन पर अलीगढ़, बुलंदशहर और हाथरस के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आयुध अधिनियम, चोरी और गोवध से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है।
एसपी सिटी आदित्य बंसल के अनुसार रविवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार सवार गो तस्करों को रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपी पुलिस बैरियर में टक्कर मारकर भागे। इस दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की जिसमें गभाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार को छूते हुए एक गोली निकल गई। बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने से उन्हें खरोंच तक नहीं आई।
इस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दिलशाद, अजमत उर्फ इकबाल उर्फ मौजी, करूआ उर्फ नौशाद निवासी गांव रायट थाना लोधा के पैरों में गोली लगी है। वहीं उनका एक अन्य साथी दानिश निवासी गांव रायट थाना लोधा को भी मुठभेड़ के दौरान ही पकड़ा गया है। आरोपियों के पास से चार तमंचे, 10 कारतूस, पांच खोखा कारतूस, एक छुरा, एक गंडासा और कार बरामद हुई है।
घायल आरोपियों का रविवार रात ही जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। इसके बाद आगे के इलाज के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं दानिश को न्यायालय के आदेश पर सोमवार को जेल भेज दिया गया है।
इन्हीं आरोपियों की थी हाईवे पर जली मांस से भरी कार
एसपी सिटी आदित्य बंसल के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह गोकशी करते हैं और मांस को दिल्ली ले जाकर बेचते हैं। 28 जुलाई की सुबह हाईवे पर गभाना बाईपास के पास जो कार जली मिली थी, वह इन्हीं आरोपियों की थी। उस कार में बड़ी मात्रा में जला हुआ गोमांस मिला था। आरोपियों ने बताया कि वह गोमांस लेकर दिल्ली जा रहे थे। पुलिस के पीछा करने पर कार को आग लगाकर भाग निकले थे। एसपी सिटी के अनुसार अजमत के खिलाफ टप्पल थाना क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ की रिपोर्ट भी दर्ज है, जिसमें वह वांछित था।