एएमयू में चल रहे धरने के दौरान 28 सितंबर की रात हुए हंगामा और मारपीट के मामले में पुलिस ने पूर्व छात्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी की पहचान आजमगढ़ के देवगांव थाना क्षेत्र के बेरीडी लालगंज निवासी आरिज खान उर्फ आरिज आजमी उर्फ आरिज महताब के रूप में हुई है।
सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि 28 सितंबर की रात धरने के दौरान हंगामा और मारपीट हुई थी। मामले में सिविल लाइंस थाने में दो रिपोर्ट दर्ज हुईं थी। पहली रिपोर्ट सालिम मियां ने दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि आजमगढ़ निवासी आरिज खान समेत कुछ बाहरी और निष्कासित छात्र धरने की आड़ में अवैध हथियार लेकर कैंपस में घूम रहे थे।
वहीं, दूसरी रिपोर्ट एमटेक छात्र फैसल त्यागी ने मारपीट के आरोप में दर्ज कराई थी। इसमें पांच सितंबर 2024 को कैंपस में मुरादाबाद निवासी छात्र सोहेल पर फायरिंग कर घायल करने का भी आरोप है, जिसमें पुलिस चार्जशीट लगा चुकी है।
दोनों मामलों में आरोपी आरिज खान की तलाश चल रही थी। पुलिस ने एमएम हॉल में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।