एएमयू के दीक्षांत समारोह में आए थे डॉ मनमोहन सिंह
- फोटो : फाइल फोटो
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार देर रात देहावसान हो गया। 27 मार्च 2003 को यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में डॉ. सिंह को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया था। उस समय वह राज्यसभा में प्रतिपक्ष के नेता थे। दीक्षांत समारोह में उन्होंने एक शिक्षक की तरह विद्यार्थियों को संबोधित किया था।
उनके साथ बिताए लम्हों को कर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के सेवानिवृत्त प्रो. आरपी सिंह व्यथित हो गए। प्रो. सिंह का डॉ. सिंह से आत्मिक रिश्ता था। वर्ष 2003 में जब डॉ. मनमोहन सिंह यूनिवर्सिटी आए थे, तब उनका जोरदार स्वागत किया गया था। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर भी खूब बातें की थीं।
एएमयू के पूर्व पूर्व जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राहत अबरार ने बताया कि डॉ. सिंह अपने भाषण के दौरान देश की अर्थव्यवस्था का जिक्र करते रहे। वह यूनिवर्सिटी के माहौल को देखकर काफी खुश हुए थे। भाषण देने के बाद वह दिल्ली चले गए। यूनिवर्सिटी परंपरा के अनुसार मुख्य अतिथि की तस्वीरें और शेरवानी भेंट की जाती हैं। इस बारे में प्रो. आरपी सिंह ने बताया कि यह चीजें लेकर वह दिल्ली गए थे। उन्होंने डॉ. सिंह को फोन किया कि वह आ रहे हैं। जब उनकी कार उनके आवास पर पहुंची, तो वह कार पार्किंग में खड़े उनका इंतजार कर रहे थे। कार वहां रुकी, जैसे ही डॉ. सिंह ने दरवाजा खोलना चाहा उन्होंने विनम्रता से मना कर दिया।
बहरहाल, वह कमरे में उन्हें ले गए। डॉ. सिंह को उनकी अमानत भेंट की। यूनिवर्सिटी सहित देश-दुनिया को लेकर बातचीत हुई। इस दौरान दोनों ने एक बार शर्बत फिर चाय पी । प्रो, आरपी सिंह ने कहा कि उनका जाना अपूरणीयक्षति है।