फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों से सख्ती से निपटेगा फोर्स

Wed, 17 Apr 2019 01:32 AM IST
राजेश सिंह न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
प्रशासनिक अधिकारी व अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारियों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी व एसएसपी। - फोटो : Dig Vishal
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2019 में अलीगढ़ लोकसभा क्षेत्र में 18 अप्रैल को होने वाले मतदान के दौरान ईवीएम से छेड़छाड़ एवं मतदान प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने की कोशिश करने वालों से फोर्स सख्ती से निपटेगा। चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जिले को 16 जोन एवं 181 सेक्टरों में बांटा गया है। बूथों की सुरक्षा सिक्स लेयर होगी। चुनाव प्रचार बंद होने के बाद निगरानी टीमों को सतर्क कर दिया गया है।
विज्ञापन


चुनाव में पैरा मिलिट्री फोर्स व पुलिस के 20 हजार कर्मी लगाए गए हैं। मंगलवार को कृष्णांजलि नाट्यशाला में डीएम-एसएसपी ने सुरक्षा बल को ब्रीफ मीटिंग के बाद रवाना कर दिया गया। यह बुधवार सुबह नुमाइश मैदान में पोलिंग पार्टियों के साथ मतदान के लिए रवाना होगा। इधर, शहर के संवेदनशील इलाकों, संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम चंद्रभूषण सिंह व एसएसपी आकाश कुलहरि ने संयुक्त पुलिस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि बूथों पर पर्दा नशीं महिलाओं की पहचान हेतु महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। मतदान केन्द्र से 200 मीटर की रेंज में किसी भी प्रत्याशी का बस्ता नहीं लग सकेगा। इलेक्ट्रानिक एवं सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
विज्ञापन


सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मॉक पोलिंग के समय एक मतदान केन्द्र पर अवश्य उपस्थित रहने की ताकीद दी गई है। मतदान केन्द्रों पर वेटिंग हाल के साथ पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट, माइक्रो आब्जर्वर, जोनल मजिस्ट्रेट, विधान सभा प्रभारी, वीडियोग्राफी, उड़नदस्ता के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक बूथ हेतु योजना बनाई गयी है।

उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट से कहा कि प्रचार बंद होने के पश्चात फ्लांइग टीम, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा वीडियोग्राफी टीम की जिम्मेदारी और अधिक हो जाती है। वह निरन्तर चेकिंग करते रहे,ं जिससे मतदाता को प्रभावित करने वाली कोई सामग्री मतदाता तक न पहुंचे। उन्होंने कहा कि चुनाव में की गयी कोई भी लापरवाही अक्षम्य होती है यदि किसी भी स्थान पर मानकों के विरूद्ध कार्य किया गया तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिये कि मतदान केन्द्र के अंदर किसी भी सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति को सुरक्षा गार्ड के साथ प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। वह अकेले ही मतदान करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी अनुनय झा ने निर्देश दिये कि मतदान करने वाला व्यक्ति किसी भी प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह लगाकर मतदान केन्द्र में प्रवेश नहीं कर सकेगा। दिव्यांग, बुजुर्ग एवं गर्भवती महिलाओं को मतदान में प्राथमिकता दी जाएगी।

दिव्यांगों के लिए प्रत्येक मतदान केन्द्र पर रैंप एवं ट्राईसाइकिल की व्यवस्था की गयी है। इस अवसर पर एसपी सिटी अभिषेक, एसपी देहात मणीलाल पाटीदार, एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, एडीएम प्रशासन कृष्ण लाल तिवारी, एडीएम वित्त उदय सिंह समेत एसडीएम, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट आदि उपस्थित थे।

मतदाता पहचान पत्र के अतिरिक्त 11 पहचान पत्रों से किया जा सकता है मतदान
 जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग निर्देशानुसार निर्वाचकों को फोटो पहचान पत्र जारी किये गये हैं। प्रत्येक मतदाता को मतदान देने से पूर्व मतदान केन्द्र में अपनी पहचान के लिए फोटो पहचान पत्र, एपिक प्रस्तुत करना आवश्यक है।

जो मतदाता एपिक प्रस्तुत करने में सक्षम नहीं है वह फोटो पहचान दस्तावेजों के रूप में पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य, केंद्र सरकार के लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा जारी किए गये फोटोयुक्त पहचान पत्र, बैंकों, डाकघरों द्वारा फोटोयुक्त पासबुक, पेनकार्ड, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी किए गये स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सांसद, विधायक , विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गये सरकारी पहचान पत्र एवं आधार कार्ड आदि में से किसी एक को प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।

आज से जेल से पेशी पर नहीं जा पाएंगे बंदी
पुलिस बल के चुनाव में व्यस्त होने के कारण आज से जेल से दीवानी पेशी पर बंदियों का जाना मतगणना तक के लिए बंद रहेगा। इस तरह दीवानी की हवालात अब मतगणना तक खाली रहेगी। बता दें कि जेल से कड़ी सुरक्षा में बंदियों को दीवानी हवालात लाया जाता है। यहां भी कड़ी सुरक्षा में यह बंदी रहते हैं। मगर पुलिस बल के मतदान में व्यस्त होने के कारण यह बंद रहेगी।

सीमाओं पर बढ़ी चेकिंग, शहर में कड़ी चौकसी
चुनाव प्रचार थमने के बाद से ही पैरामिलिट्री फोर्स व पुलिस बल सक्रिय हो गया है। एसएसपी आकाश कुलहरि के अनुसार सीमाओं पर चेकिंग बढ़ा दी गई है और शहर में भी पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। शाम के बाद से ही एक-एक वाहन को कड़ी चेकिंग से गुजारा जा रहा था।

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए 18 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए 3028 पोलिंग पार्टियां बुधवार  सुबह सात बजे से नुमाइश मैदान से रवाना हाेंगी। इनकी रवानगी के लिए 627 बसों की व्यवस्था की गई है। पोलिंग पार्टियों की संख्या पर नजर डाले तो खैर अनुसूचित जाति में 445, बरौली-427, अतरौली-476, कोल-399, अलीगढ़-389 यानि कि पांच             विधानसभाओं में 2136 पोलिंग पार्टियां अलीगढ़ लोकसभा क्षेत्र में चुनाव कराएंगी। हाथरस आंशिक में लगने वाली छर्रा-434 व इगलास अनुसूचित जाति में 458 पोलिंग पार्टियां चुनाव कराएंगी।
 
सभी ईवीएम में है वीवीपैट ः डीएम
सवाल-18 अप्रैल को कितने बजे मतदान शुरू होगा और कितने बजे तक चलेगा। 
जवाब-18 को सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा और सायं छह बजे तक मतदान हो सकेगा। 
सवाल-नुमाइश मैदान से कितने बजे पोलिंग पार्टियों की रवानगी और कब तक। 

जवाब-सुबह सात बजे से पोलिंग पार्टियों की रवानगी होगी और सायं छह बजे तक अपने अपने निर्धारित बूथों पर पहुंचकर जिला निर्वाचन कार्यालय को रिपोर्ट देंगी। 
सवाल-क्या पोलिंग पार्टियाें के सदस्य किसी पार्टी अथवा अन्य व्यक्ति के यहां स्वल्पाहार आदि करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। 
जवाब-पोलिंग पार्टियों के सदस्य किसी भी सूरत में किसी से भी चाय-नाश्ता खाना आदि का सहयोग नहीं ले सकते। ऐसे करने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। 
सवाल-क्या पोलिंग बूथों पर मतदान से पहले माक पोल होगा और कितने समय पहले। 
जवाब-पोलिंग बूथों पर मतदान शुरू होने से एक घंटा पहले सुबह छह बजे प्रत्याशियों एवं राजनैतिक दलों के  एजेंट आदि के सामने माक पोल होगा। सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा। 

सवाल-मतदाता कैसे जानेंगे कि उनका वोट सही पड़ा है अथवा नहीं। 
जवाब-सभी ईवीएम मशीनों के साथ एक वीवी पैट मशीन लगी है। मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशी के नाम के सामने का बटन दबाएगा तो लाल लाइट जलेगी। इसके बाद वीपी पैट मशीन में सात सेकेंड तक एक पर्ची दिखाई देगी, जिसमें वोट किसको गया, यह दिखाई देगा। 
सवाल-मतदान के बाद ईवीएम व वीवी पैट के स्ट्रांग रूम में पहुंचने की क्या व्यवस्था रहेगी। 

जवाब-मतदान के बाद सभी पोलिंग पार्टियां धनीपुर मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में ईवीएम रात 11 बजे तक हर हाल में पहुंचा देंगी। यहां विधानसभावार चिन्हित ब्लाकों में ईवीएम रखवाई जाएंगी। यहां 38 दिनों तक कड़े पहरे में ईवीएम रखी रहेंगी और 23 मई को मतगणना वाले दिन इन्हें निकालकर वोटों की गिनती होगी और नतीजे घोषित किये जाएंगे। 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें