पत्नी ने मरवा डाला प्रेमी से अपना पति
- फोटो : अमर उजाला
विवाहेतर प्रेम संबंध (एक्स्ट्रा मैरिटल रिलेशन) में बेवफाई का अलीगढ़ जिले में ये पहला किस्सा नहीं। जेल में 15 महिलाएं ऐसी हैं, जो अपने प्रेमियों संग पतियों की हत्या में निरुद्ध हैं। हाल में गंगीरी के बाद अब बरला में विवाहेतर प्रेम संबंध सुहाग की ‘कातिल’ बीना बनी है। समाज में लगातार बढ़ रही इस तरह के अपराध के चलन पर पुलिस की भी चिंता बढ़ी है। इसे लेकर पुलिस स्तर से जिले में एक नया रजिस्टर बनाकर ऐसे विवादों को सूचीबद्ध कर उनके निस्तारण व निगरानी के प्रयास शुरू किए जा रहे हैं। ये निर्णय बृहस्पतिवार की घटना के बाद ही लिया गया है।
इस विषय में एसपी देहात अमृत जैन बताते हैं कि ये विषय बेहद गंभीर होता जा रहा है। इसी क्रम में यह निर्णय लिया गया है कि जिले के थानों में आने वाले दंपती विवादों को लेकर एक अलग रजिस्टर बनवाया जाएगा। यह काम एक दो दिन में ही शुरू होगा। इस रजिस्टर में विशेष कर ऐसे दंपती विवाद दर्ज होंगे, जिनमें पति ने अपनी पत्नी के विषय में किसी से संबंधों को लेकर या किसी तरह की धमकी देने को लेकर शिकायत दी है। उन दर्ज प्रकरणों में फिर निगरानी, काउंसीलिंग व निस्तारण तक जोर दिया जाएगा। ताकि इस तरह के बढ़ते अपराध पर नियंत्रण को एक प्रयास शुरू हो सके।