धान 2441, बाजरा 2900 और मक्का 2410 रुपये प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा
अलीगढ़। मंडल में रबी फसलों की बुवाई के लिए 49,858 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है। मंडलायुक्त ओपी आर्य ने अधिकारियों को किसानों को निर्धारित दरों पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए हैं।
कमिश्नरी कार्यालय में समीक्षा बैठक में बताया गया कि बिक्री केंद्रों पर 8,081 मीट्रिक टन और बफर स्टॉक में 41,777 मीट्रिक टन उर्वरक है। मंडलायुक्त ओ पी आर्य ने आपूर्ति और वितरण की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित दरों से अधिक वसूली पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से खतौनी और आधार कार्ड लेकर नजदीकी सहकारी समिति या निर्धारित बिक्री केंद्र से भूमि के आधार पर अनुमन्य मात्रा में खाद लेने की अपील की।
धान 2441, बाजरा 2900 और मक्का 2410 रुपये प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा
खरीफ विपणन सत्र 2026-27 में किसानों से धान 2,441 रुपये, बाजरा 2,900 रुपये और मक्का 2,410 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। मंडलायुक्त ओपी आर्य ने खरीद व्यवस्था की समीक्षा कर क्रय केंद्रों पर किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मंडल के चारों जिलों में धान के 70, बाजरा के 50 और मक्का के 22 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। हाथरस में ज्वार खरीद के लिए भी एक केंद्र स्थापित किया गया है, जहां समर्थन मूल्य 4,023 रुपये प्रति क्विंटल है। फिलहाल कासगंज में बाजरा खरीद शुरू हो गई है।
एमएसपी का लाभ लेने के लिए किसानों को [खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट(https://fcs.up.gov.in) पर पंजीकरण कराना होगा। क्रय केंद्र सुबह नौ से शाम पांच बजे तक खुलेंगे और भुगतान सीधे किसान के बैंक खाते में किया जाएगा।