प्रदेश में सन 2017 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें जिले की तीन विधानसभा सीटों (खैर, बरौली, इगलास) के प्रत्याशी शामिल थे। प्रत्याशियों के नामों की घोषणा के बाद पार्टी के इस कदम के पीछे की रणनीति, मंशा, इरादे आदि को लेकर राजनीतिक हल्कों में कयासबाजी शुरू हो गई। सपा की स्थानीय राजनीति पर नजर रखने वालों का मानना है कि अलीगढ़ जिले की जिन तीन सीटों पर पार्टी ने प्रत्याशी खड़े किए हैं, उन पर बहुत बड़ी चुनौती है। इसे देख्ाते हुए बाद में कुछ उम्मीदवार भी बदल सकते हैं।
पार्टी के जानकार ही मानते हैं कि इन सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के बाद अगर और बेहतर प्रत्याशी अगर दावेदारी ठोकते हैं, तो पार्टी यहां पर अपना फैसला बदल भी सकती है। नए दावेदारों को टिकट दे सकती है। इस तरह यह लग रहा है कि पार्टी अभी हैलो-टेस्टिंग की मुद्रा (स्टेज पर कोई शो होने से पहले व्यवस्थाओं को परखने का क्रम) में है। दूसरी ओर अब पार्टी के अंदर से ही यह स्वर भी उठने लगे कि कुछ मौजूदा विधायकों में से भी किसी का टिकट कट सकता है। स्थानीय स्तर पर प्रदेश स्तर के पदाधिकारी यही बात कह रहे हैं।
सपा छात्र सभा के प्रदेश सचिव जियाउर्रहमान कहते हैं कि कुछ मौजूदा विधायकों के टिकट भी कट सकते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी हर स्तर पर फीडबैक ले रही है इसके बाद ही कुछ तय होगा। अभी इस पूरी प्रक्रिया के लिए पार्टी के पास पूरा वक्त है।
सपा प्रत्याशियों का स्वागत
अलीगढ़। जिले की इगलास, खैर विधानसभाओं पर घोषित किये गये प्रत्याशियों का जिलाध्यक्ष अशोक यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय पर स्वागत किया गया। साथ ही गोष्ठी आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि प्रदेश हाईकमान ने टिकिट वितरण में ही साफ कर दिया है कि सपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। खैर से प्रशांत बाल्मीकि सहित यूपी में अन्य सीटों से दलित समाज के लोगों को टिकट दिया गया है।
प्रत्याशी खैर प्रशांत बाल्मीकि व इगलास प्रत्याशी कन्हैयालाल दिवाकर ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने हम पर भरोसा जताया है उस पर शत प्रतिशत खरा उतरने का प्रयास किया जायेगा। इस अवसर पर डॉ. विनोद सविता, राजपाल सिंह यादव, शान मियां, जस्सू शेरवानी, कृपाल सिंह यादव, डॉ. डीएल कुशवाह, आशीष कुमार राय, बिल्लू चौहान, प्रभात सविता, सुशील गौड़, गौरव वाल्मीकि, सूरजपाल राना, एमए खान, चौ. ऋषिपाल सिंह, हरीश बाल्यान, शहजाद अल्वी, जियाउर्रहमान, किरनपाल सिंह आदि मौजूद थे। संचालन महामंत्री कुंवर बहादुर बघेल ने किया। दूसरी ओर महानगर समाजवादी पार्टी वार्ड संख्या 10 के वार्ड अध्यक्ष अली अंसारी ने प्र्रशांत वाल्मीकि को खैर से पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त किया है। इस अवसर पर पप्पू बेल्डिंग वाले, मो. रिजवान, नूर आलम, तनवीर, शाकिर, जमील इमरान, कमालुद्दीन, फरहान, फरहान उस्मानी, मो. हफीज, डॉ. बंटी आदि मौजूद थे।