शहर के थाना क्वार्सी क्षेत्र के जीवनगढ़ में मोमोज खाने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को आनन-फानन जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया है। यहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
जीवनगढ़ गली नंबर एक की रहने वाली नसीमा ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य इलाके की ही एक चाट-पकौड़ी की दुकान पर मोमोज खाने गए थे। सभी ने वहां मोमोज खाए, लेकिन घर पहुंचते ही एक-एक कर सबकी हालत खराब होने लगी। उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद पूरे परिवार को तड़पता देख इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने बताया कि दूषित मोमोज खाने की वजह से ही उनकी सेहत बिगड़ी है। पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग से इस मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। जेएन मेडिकल कॉलेज के डॉ. जमील कहते हैं कि भीषण गर्मी में खाद्य सामग्री जल्दी खराब हो रही है। इन दिनों बच्चों में फूड प्वाइजनिंग की शिकायत आ रही है। इसमें सावधानी बरतनी चाहिए। सभी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।