जहरीली शराब कांड में मुख्य पांचों शराब माफिया जेल भेज दिए गए हैं। गिरफ्तारी अभियान से राहत पाते हुए पुलिस ने अब इनके खिलाफ मजबूत विवेचना के साथ-साथ गैंगेस्टर व रासुका लगाने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में रविवार को एसएसपी कलानिधि नैथानी ने अभियोजन अधिकारियों और विवेचना टीम के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय की। एसएसपी ने कहा कि कोशिश है कि जल्द से जल्द गैंगेस्टर व रासुका की कार्रवाई पूरी की जाए।
अभियोजन अधिकारियों व सभी अपर पुलिस अधीक्षकों संग हुई बैठक में विवेचना, संपत्ति जब्तीकरण, गैंगेस्टर व रासुका पर चर्चा हुई। इसके लिए चार टीमें काम कर रही हैं। टीमों को निर्देशित किया गया कि इस घटना के मुकदमों को विशेष श्रेणी में रखकर उनकी विवेचना पूरी की जाए। इसमें माल बरामदगी से लेकर वैज्ञानिक साक्ष्य व मृत्यु पूर्व बयान अवश्य संकलित कर केश डायरी में शामिल किए जाएं। इस दौरान बेहतर विवेचना करने वालों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया।
ये दिए गए जरूरी निर्देश
आरोपियों की गिरफ्तारी के कारण पुष्ट हों। मजबूत गवाहों की गवाही लगाई जाए। जहरीली शराब के परीक्षण की रिपोर्ट जल्द से जल्द प्राप्त की जाएं। मृत्यु पूर्व बयान अवश्य शामिल किए जाएं। नए लोगों के नाम सामने आने पर उन्हें भी विवेचना में वांछित बनाया जाए। गैंगेस्टर एक्ट के तहत संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाए। रासुका की कार्रवाई की जाए। सभी की हिस्ट्रीशीट खोली जाए। विवेचना बहुत जल्द पूर्ण की जाएं। चश्मदीद गवाहों के बयान भी शामिल किए जाएं।