कोरोना काल में राशन कार्ड धारकों को फिर से निशुल्क राशन की सुविधा मिलेगी। जिले के 26.90 लाख लोगों को 20 मई से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत निशुल्क राशन का वितरण होगा। कोटेदारों कार्डधारकों को टोकन सिस्टम के आधार पर राशन देंगे। साथ ही असहाय लोगों के घर राशन पहुंचाएंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सोनी ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत गरीब परिवारों के लिए राशन का वितरण मुफ्त में होगा। जिले में कुल कोटेदार 1351 हैं। अंत्योदय कार्ड धारक 24596 और 639554 पात्र गृहस्थी कार्ड धारक हैं। योजना के तहत कार्ड धारकों को प्रति यूनिट/सदस्य के हिसाब से पांच किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा। इसमें तीन किलोग्राम गेहूं और दो किलोग्राम चावल शामिल रहेगा। इस बार चना बंद कर दिया है। राशन कोटेदारों को निर्देश हैं कि वह सुबह छह से रात नौ बजे तक दुकान खोलें। किसी कोटेदार द्वारा राशन में कटौती की गई तो उसका लाइसेंस निरस्त करते हुए एफआईआर कराई जाएगी। इसके अलावा दुकान पर हाथ धोने, सोशल डिस्टेंसिंग के लिए गोले बनवाने की व्यवस्था राशन वितरण से पूर्व ही करनी होगी।