नुमाइश के कोहिनूर मंच पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा) के तहत प्रथम मंडल स्तरीय ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 526 युवाओं को ऋण दिया गया है।
कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राजेश सचान ने कहा कि अलीगढ़ से सीएम-युवा योजना के तहत प्रथम ऋण वितरण शिविर का आगाज हुआ है। योजना के तहत 10 वर्ष में 10 लाख औद्योगिक इकाइयां संचालित करना लक्ष्य है। प्रदेश में अब तक लगभग 80 हजार से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है। जिनमें से लगभग 36 हजार आवेदन बैंकर्स को प्रेषित किए गए। 12,900 युवाओं को ऋण स्वीकृत हुई। संयुक्त आयुक्त उद्योग बीरेन्द्र कुमार ने बताया कि योजना के तहत अलीगढ़ और आगरा मंडल में 1868 को स्वीकृति मिली। जिसमें से अलीगढ़ में 515 व आगरा में 1353 को स्वीकृति है। जबकि दोनों मंडलों से 526 में ऋण वितरण किया गया। जिसमें अलीगढ़ से 161 व आगरा के 526 शामिल हैं।
मंत्री ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के स्टॉल को देखा। संगीतिका डांस एकेडमी के कलाकारों द्वारा स्वागत गीत एवं हरियाणवी फोक डांस की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में जिपं अध्यक्ष विजय सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा, विधायक सुरेन्द्र दिलेर, मंडल आयुक्त संगीता सिंह, डीएम संजीव रंजन, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, पीडी भाल चन्द त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
इनको प्रदान किए स्वीकृति चेक
अलीगढ़। मंत्री ने कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से विष्णु कुमार वार्ष्णेय, राशिद, सचिन कुमार, सुरजीत सिंह, संजीव, मलता जयंत, अरविन्द, वरुण, भरत, शिवनन्दन को स्वीकृति चेक और राजेश कुमार, अनिल, अशोक कुमार शर्मा, सत्यवीर सिंह, गौरव, शाहिद अली, वीरेश, आकाश लोधी, गोपाल सिंह एवं बंटी गौतम को ओडीओपी टूल किट का वितरण किया गया।