चंडौस कस्बे में दूसरी किस्त न आने के कारण डीपीसी होने के बाद अधूरा पड़ा पीएम आवास। संवाद
- फोटो : samvad
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत चंडौस नगर पंचायत, भीमनगर और नगला जाट में स्वीकृत 628 आवासों का निर्माण दूसरी किस्त जारी न होने से ठप पड़ा है। बारिश शुरू होने से दीवारें भीग रही हैं। परिवार किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं।
लाभार्थियों का कहना है कि जनवरी 2026 में पहली किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये मिलने के बाद उन्होंने पुराने जर्जर मकान तोड़कर नए मकानों का निर्माण शुरू कराया और अधिकांश ने डीपीसी तक काम पूरा कर लिया। इसके बाद अधिकारियों ने निर्माण का सत्यापन भी किया, लेकिन छह-सात माह बीतने के बावजूद दूसरी किस्त जारी नहीं हुई। भुगतान अटकने से कई परिवार किराये के मकानों और टिनशेड में रहने को मजबूर हैं। अब बरसात शुरू होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कुछ लाभार्थियों ने उधार निर्माण सामग्री लेकर लिंटर तक डलवा दिया, जबकि कई मकान डीपीसी या दीवारों तक बनकर अधूरे पड़े हैं। योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को कुल ढाई लाख रुपये मिलने हैं, लेकिन अभी तक केवल पहली किस्त ही जारी हुई है।
पीएम आवास की दूसरी किस्त न आने के कारण पिछले सात माह से घर के एक कोने में टिनशेड डालकर रह रही हूं। दुकानदार से उधार सामान लेकर लिंटर डलवाने की तैयारी है। - शांति देवी, नगर पंचायत चंडौस।
मकान के निर्माण के लिए पूरे रुपये न आने की वजह से पिछले एक साल किराए के मकान में रह रहा हूं। अब किराया देने में भी परेशानी हो रही है। जिम्मेदारों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। - सुंदर लाल निवासी चंडौस।
दूसरी किस्त न आने के कारण पिछले सात माह से मकान का कार्य अधूरा पड़ा है। पहली किस्त एक लाख रुपये ही अभी तक प्राप्त हुई है। दूसरी किस्त आने के बाद ही मकान पर लिंडर डलवाया जाएगा। - शीतल देवी निवासी चंडौस।
शासन की मंशा के अनुसार ही आवासों की दूसरी किस्त आएगी। इसमें नगर पंचायत का कोई हस्तक्षेप नहीं है, लेकिन फिर हमारे द्वारा समय-समय पर पत्राचार किया जा रहा है। - डॉ. डीएस भारती, चेयरमैन चंडौस।