क्वार्सी क्षेत्र में पीएसी के निकट गंदा नाला रोड पर मंगलवार रात करीब 10 बजे वीडियो डिलीट कराने पर कुछ युवकों में विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान एक युवक ने तमंचे से तीन-चार राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तिराहे के पास तीन-चार बाइक सवार युवक खड़े होकर आपस में विवाद कर रहे थे। बातचीत के दौरान पता चला कि किसी युवक ने एक की पत्नी का वीडियो बना लिया था। इस वीडियो को डिलीट करने की बात पर उनके बीच कहासुनी हो रही थी। इस दौरान एक युवक ने फायरिंग कर दी।
क्वार्सी पुलिस के साथ रामघाट रोड से धनीपुर जाने वाले बाईपास पर तैनात पुलिस पिकेट भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि तब तक सभी युवक बाइक से वहां से निकल चुके थे। पुलिस को मौके से कोई खोखा भी नहीं मिला। थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।