नगला तुंदला में युवक को धमकाने पहुंचे भाजपा सभासद के बेटे सहित दो युवकों ग्रामीणों ने दबोच लिया और उनके तमंचे छीन लिए, उन्हें पीटने के बाद एक कमरे में बंद कर दिया। ग्रामीणों ने युवकों पर दबंगई दिखाने और फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है। इनके साथ पांच अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मुक्त कराया और हिरासत में लेकर थाने चली आई। पुलिस सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि अभी जुआ खेलने के दौरान 200 रुपये के विवाद में घटना होने की बात सामने आ रही है। अन्य वजह की भी जांच की जा रही है।
नगला तुंंदला, हाथरस गेट के रहने वाल कुलदीप ने जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कुलदीप का आरोप है कि शनिवार रात को इगलास अड्डा क्षेत्र की महिला सभासद विमलेश चौधरी के बेटे विजय व उसके साथी संजय ठाकुर अपने कुछ साथियों के साथ बाइकों से गांव में पहुंचे। इन लोगों ने घर के बाहर गाली-गलौज व फायरिंग की, जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें घर से बाहर आने के ललकारा। वे अपनी मां के साथ घर के बाहर आए तो पीटना शुरू कर दिया, एक हमलावर ने फायर किया।
इसके बाद आस-पड़ोस के लोग उनके बचाव में आ गए। ग्रामीणों ने पकडक़र युवकों की पिटाई कर दी। उनसे तमंचे भी छीन लिए। विजय व संजय को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, जबकि उनके पांच साथी मौके से भागने में कामयाब रहे।
ग्रामीणों की पिटाई से संजय के सिर व आंख पर गंभीर चोट आई। इसके बाद दोनों को एक कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगा दिया। मौके पर पहुंची पीआरवी व हाथरस गेट पुलिस के बाद कमरे को खोला गया। संजय घायल अवस्था में कमरे में पड़ा हुआ था, जबकि विजय चीखते व चिल्लाते हुए फायरिंग व हमले के आरोप को गलत बता रहा था।
इस दौरान कुलदीप व ग्रामीणों से भी उसकी कहासुनी हुई। पुलिस के सामने काफी देर तक तड़का-भड़की होती रही। बाद में पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई। रिपोर्ट लिखे जाने के बाद दोनों युवक रविवार को पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती रहे। विजय की मां इस समय सभासद है और उसके पिता सुरेश भी पूर्व में इगलास अड्डा क्षेत्र से सभासद रहे हैं।
घटना के वीडियो वायरल
नगला तुंदला में देर रात हुए झगड़े में कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें एक में बाइक सवार युवकों व गांव के कुछ युवकों के बीच मारपीट हो रही है। एक वीडियो में तमंचे छीने जा रहे हैं। एक वीडियो में पुलिस भी मौजूद है, जिसमें कमरा खोलकर दोनों युवकों को बाहर निकाला जा रहा है। इस वीडियो में भी जमकर नोकझोंक व हंगामा हो रहा है, आरोपी विजय अपने आप को भाजपा नेता का बेटा बता रहा है।
कुंवरनगर की घटना में आया था विजय के भाई का नाम
पिछले 22 दिनों में यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 28 नवंबर की रात को नगला कुंवरजी में दो पक्षों में जमकर मारपीट व पथराव हुआ था। इस मामले में भी सभासद के बेटे का नाम सामने आया था। विजय के भाई अजय को इसमें नामजद किया गया था। दोनों पक्ष के बारह लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
इनका कहना है
घटना में दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवाद की वजह का पता लगाया जा रहा है। प्रकरण में सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो सके।
रामानंद कुशवाहा, एएसपी