टप्पल के हामिदपुर मार्ग स्थित घनी आबादी के बीच बने गोदाम में डंप की गई करीब 10 लाख रुपये कीमत की आतिशबाजी टप्पल पुलिस ने जब्त की है। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पहुंची टप्पल पुलिस के अनुसार मौके से आतिशबाजी बेच रहे दो लोगों को पकड़ा गया है।
टप्पल थाना पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर हामिदपुर मार्ग स्थित घनी आबादी में मौजूद एक गोदाम पर छापा मारा गया। गोदाम के अंदर करीब 14 क्विंटल आतिशबाजी मिली। यह आतिशबाजी गत्ते की पेटियों में बंद और कुछ फर्श पर खुली रखी थी। मौके से नितिन जैन और नितेश जैन निवासीगण मोहल्ला वैश्य खटीक मेन बाजार जेवर जिला गौतमबुद्धनगर को पकड़ा गया है। इन पर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ खैर वरुण कुमार ने बताया कि पकड़े गए दोनों व्यक्तियों ने एक-डेढ़ माह पहले ही दीपावली पर आतिशबाजी बेचने के लिए किराये पर उक्त गोदाम लिया था। अब तक करीब 12 लाख रुपये कीमत की आतिशबाजी बेच चुके थे। इस तरह नियम विरुद्ध आतिशबाजी का भंडारण अथवा निर्माण गैरकानूनी है। ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पिछले दिनों भी टप्पल पुलिस ने टप्पल में कापी-किताब के दुकान में भंडारित की गई करीब बीस लाख रुपये कीमत की आतिशबाजी जब्त की थी। टप्पल पुलिस के अनुसार जब्त की गई आतिशबाजी थाने के मालखाना में रखवाई गई है। इसको नष्ट कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।