नुमाइश मैदान स्थित पटाखा बाजार में देर रात पटाखा खरीदने पहुंचे एएमयू के छात्रों और विक्रेता में विवाद हो गया। इस घटना के बाद विक्रेता ने लूट की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और फुटेज की मदद से दो छात्रों को थाने बुलाकर पूछताछ की।
मामले में लूट की सूचना गलत निकली। विक्रेता ने भी मामले में कोई तहरीर नहीं दी। सीओ का कहना है कि पटाखों के ब्रांड को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।
बन्ना देवी थाना क्षेत्र के नुमाइश मैदान में दिवाली पर विक्रेता पटाखे बेच रहे हैं। नगला कलां गांव निवासी रिंकू सिंह ने भी यहां पटाखे की दुकान लगाई है। रिंकू सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात एएमयू के कुछ छात्र पटाखे खरीदने पहुंचे थे।
पटाखे खरीदने के बाद वह दुकानों के करीब ही पटाखे जलाने लगे। इसका उन्होंने विरोध किया। इस बात पर छात्र झगड़ा करने लगे। आरोप है कि छात्रों ने धक्का-मुक्की की।
इस दौरान उनकी जेब में रखे पटाखे बिक्री के रुपये भी निकल गए। इसके चलते उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी थी। सीओ द्वितीय धनंजय सिंह ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। फुटेज भी चेक किए। छात्रों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने जिस ब्रांड के पटाखे मांगे थे। दुकानदार ने उस ब्रांड के नहीं दिए थे। इस बात पर उनका विवाद हुआ था। तहरीर न मिलने के कारण इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
आरोप लगाया कि कुछ छात्र दुकानों के पास पटाखे चला रहे थे। जब उन्हें ऐसा करने से रोका गया, तो वे झगड़े पर आमादा हो गए। रिंकू सिंह का दावा था कि इस धक्का-मुक्की और विवाद के दौरान उनकी जेब से पैसे निकल गए।
जांच में सामने आया सच : सीओ द्वितीय
सीओ सेकंड धनंजय सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और हिरासत में लिए गए छात्रों से पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई है। पटाखा खरीदने के दौरान ब्रांड (कंपनी) को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और विवाद हुआ था। लूट की सूचना पूरी तरह मनगढ़ंत और झूठी पाई गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।