सारसौल टीवीएस शोरूम के गोदाम में लगी आग।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के बन्नादेवी इलाके के जीटी रोड स्थित टीवीएस कंपनी के मोटर साइकिल शोरूम के गोदाम में मंगलवार को आग लग गई। घटना से शोरूम में मौजूद स्टाफ के बीच खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम और पुलिस ने आग के विकराल होने से पहले उस पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से करीब आधा दर्जन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई।
हृदेश गुप्ता निवासी साईं विहार, बन्नादेवी का जीटी रोड पर टीवीएस कंपनी का गाड़ी शोरूम है। हृदेश गुप्ता के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे अचानक से शोरूम के पीछे स्थित गोदाम में आग लग गई। घटना के समय गोदाम में 150 नई मोटर साइकिलें खड़ी हुईं थीं। स्टाफ ने तत्काल पुलिस और दमकल को सूचना दी। उन्होंने आकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। आशंका है कि वहां मोटर साइकिलों के पार्ट्स के कार्टूनों में लगकर आने वाले थर्माकोल में आग लगी होगी, जिससे यह हादसा हुआ। आग से आधा दर्जन के करीब गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
आगरा रोड पर कबाड़ में खड़े वाहनों में लगी आग
सासनी गेट थाना क्षेत्र के आगरा रोड स्थित बिजली घर के गेट पर कबाड़ में खड़े वाहनों में आग लग गई। सूचना पर दो दमकलों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि वाहनों के ऊपर कूड़ा कचरा पड़ा हुआ था, जिसपर ट्रासफार्मर से उठी चिंगारी गिर गई थी। इसके कारण वाहनों में आग लग गई। गनीमत रही कि आग के भीषण होने से पहले ही दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।