महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र में सारसौल बाईपास पर सोमवार दोपहर को आरटीओ में फिटनेस कराने जा रहे ट्रक में अचानक आग लग गई और कुछ ही देर में ट्रक आग की लपटों में घिरकर बुरी तरह जल गया। इससे इलाके में अफरा-तफरी के बीच जाम लग गया। खबर पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। आग का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
हरदुआगंज क्षेत्र के गांव नगला औसफ अली के विमल प्रताप सिंह की एटा चुंगी पर ट्रांसपोर्ट कंपनी है। उन्होंने हाल ही में नया ट्रक खरीदा है। सोमवार को फिटनेस के लिए खुद विमल प्रताप चालक के साथ ट्रक लेकर आरटीओ जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे ट्रक हाईवे के रास्ते सारसौल बाईपास जा रहा था, तभी ट्रक में अचानक आग लग गई।
आग की लपटें देख विमल प्रताप सिंह व चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। इसी बीच ट्रक आग की लपटों से घिर गया और दोनों ओर से आने वाले वाहनों की कतारें लग गईं। इस बीच लोगों ने ट्रक में लगी आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। खबर पर दमकल भी पहुंच गई। तब जाकर आग को बुझाया गया। मगर तब तक ट्रक बुरी तरह जल चुका था।