गोदाम स्वामी उमेश कुमार के पक्ष ने कुछ लोगों पर हाईकोर्ट के यथा स्थिति के आदेश के बाद भी जमीन को जबरन कब्जाने का आरोप लगाते हुए गोदाम में आग लगाने और सामान को लूट कर ले जाने का भी आरोप लगाया है। गोदाम के प्रबंधक शैलेंद्र कुमार गाैतम का आरोप है कि गोदाम की जमीन के स्वामित्व को लेकर गोदाम स्वामी उमेश कुमार का कुछ लोगों से विवाद चल रहा है और मामला वर्ष 2020 से हाईकोर्ट में विचाराधीन हैं।
आरोप है कि हाईकोर्ट ने मामले में यथा स्थिति का आदेश दे रखा है, इसके बाद भी विपक्षी गोदाम में लगातार तोड़फोड़ कर सामान को बाहर फेंक कर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। यहां तक कि गोदाम के शटर के आगे तक दीवार लगा दी गई है। प्रबंधक शैलेंद्र कुमार गाैतम का आरोप है कि इलाका पुलिस से लेकर अफसरों तक इस मामले में शिकायत की गई है, लेकिन कहीं पर उनकी सुनवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गोदाम में आग लगी नहीं है बल्कि कब्जा करने का प्रयास कर रहे लोगों द्वारा ही आग लगाई है। इस संबंध में एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है, मिलने पर जांच कराई जाएगी।