गोदाम में आग लगने के बाद जलता सामान। संवाद
देहली गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला छिपैटी में मंगलवार रात एक कन्फेक्शनरी की दुकान के गोदाम में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने वहां रखे गत्तों के डिब्बों और कन्फेक्शनरी के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घनी आबादी के बीच आग और धुएं का गुबार उठता देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, मोहल्ला कटरा निवासी राकेश वार्ष्णेय की छिपैटी में ‘’राकेश वार्ष्णेय किशोर वार्ष्णेय’’ नाम से कन्फेक्शनरी की दुकान है। तीन मंजिला इमारत के भूतल पर दुकान संचालित होती है, जबकि ऊपर की दो मंजिलों पर सामान रखने के लिए गोदाम बने हुए हैं।
मंगलवार रात करीब आठ बजे पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बाहर चलाए जा रहे पटाखे की चिंगारी गोदाम तक पहुंचने से आग लगी।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। शुरुआती जांच में पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका है। नुकसान का आकलन और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।