सराफा बाजार कुंजीलाल दालसेव में लगी आग को देखते लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
ऊपरकोट कोतवाली क्षेत्र के अति व्यस्त फूल चौक स्थित सराफा बाजार में शुक्रवार दोपहर नामचीन मिठाई विक्रेता कुंजीलाल दालसेव की दुकान में आग लग गई। पहली मंजिल पर आग लगते ही धुएं व आग की लपटें उठती देख बाजार में खलबली मच गई। स्थानीय लोगों की मदद व दमकल के पहुंचने पर आग पर काबू पाया गया। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
वाकया दोपहर करीब दो बजे के आसपास है। दुकान में भूतल पर काउंटर व शोरूम है, जबकि पहली मंजिल पर पैकिंग उत्पाद व गोदाम है। इसी मंजिल पर शार्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें बाहर दिखाई देने लगीं और धुआं उठने लगा। यह देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई। शोरशराबे पर खुद दुकान स्टाफ-स्वामी व आसपास के लोगों ने आग बुझानी शुरू कर दी। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी भी पहुंच गई। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने कुछ ही देर के प्रयास में आग पर काबू पा लिया। सीएफओ विवेक शर्मा ने बताया इलेक्ट्रॉनिक्स सरवर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। अन्य कारणों की भी जानकारी की जा रही है। दुकान स्वामी के अनुसार पैकिंग उत्पाद सहित कुछ अन्य कीमती सामान जल गया है।